नितिन नवीन के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर जमुई में कायस्थ समाज में उत्साह, मिठाइयाँ बांटकर मनाया जश्न
जमुई : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नवीन के निर्विरोध चयन को लेकर जमुई में कायस्थ समाज के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के तत्वावधान में एक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर बधाई दी, पटाखे छोड़े और इस ऐतिहासिक क्षण को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम का आयोजन ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के जिला अध्यक्ष प्रवीण सिन्हा के आवास पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष प्रवीण सिन्हा ने कहा कि नितिन नवीन का भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बिहार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती से निकलकर किसी नेता का देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के सर्वोच्च संगठनात्मक पद तक पहुँचना पूरे राज्य के लिए सम्मान की बात है। यह चयन इस बात का प्रमाण है कि बिहार की प्रतिभा आज राष्ट्रीय राजनीति में निर्णायक भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के प्रदेश सचिव अभिषेक सिन्हा ने कहा कि नितिन नवीन का निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना भाजपा के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन इस पद पर आसीन होने वाले सबसे युवा नेताओं में से एक हैं, और उनका चयन पार्टी में सर्वसम्मति, संगठनात्मक मजबूती और पीढ़ीगत बदलाव का प्रतीक है। उनके नेतृत्व में पार्टी को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी।
वहीं महासचिव डॉ. मनोज सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना न केवल भाजपा के लिए, बल्कि पूरे समाज और प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में संगठन और देश दोनों को नई ऊंचाइयों तक पहुँचने का अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कायस्थ समाज सदैव राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता आया है और नितिन नवीन का यह दायित्व संभालना उसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने वाला कदम है।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में देश के महान नेताओं लाल बहादुर शास्त्री एवं डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमाएँ स्थापित करने के विचार पर सहमति बनी, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उनके आदर्शों और विचारों से प्रेरणा ले सकें।
इस खुशी के अवसर पर महासचिव डॉ. मनोज सिन्हा, जिला अध्यक्ष प्रवीण सिन्हा, प्रदेश सचिव अभिषेक सिन्हा, अनंत अंबष्ट, प्रभात सिन्हा, संजीव सिन्हा, भूपेंद्र सिन्हा, राजू सिन्हा, मंतोष सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नितिन नवीन को बधाई देते हुए उनके सफल और ऐतिहासिक कार्यकाल की कामना की।

No comments:
Post a Comment