गोपालगंज पहुंचा विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग, शिवभक्ति में डूबा बल्थरी चेक पोस्ट क्षेत्र
गोपालगंज : गोपालगंज जिले के कुचायकोट प्रखंड अंतर्गत बल्थरी चेक पोस्ट के पास सोमवार को विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग पहुंचते ही पूरा इलाका शिवमय हो गया। 33 फीट ऊंचे और 210 मीट्रिक टन वजनी इस विशाल शिवलिंग के दर्शन के लिए शिवभक्तों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में भक्तों ने तिलक लगाकर, आरती उतारकर और फूल-अक्षत अर्पित कर भक्ति भाव से शिवलिंग का स्वागत किया।
यह विशाल शिवलिंग तमिलनाडु के महाबलीपुरम से बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चकिया में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर में स्थापित किए जाने के लिए लाया जा रहा है। करीब एक महीने पहले यह शिवलिंग महाबलीपुरम के पट्टीकाडु गांव से विशेष रूप से तैयार 96 चक्कों वाले हैवी ट्रक के जरिए बिहार के लिए रवाना हुआ था।
बताया जाता है कि एक ही ग्रेनाइट पत्थर से निर्मित इस शिवलिंग को तराशने में करीब 10 साल का समय लगा है। इसके मुख्य शिल्पकार लोकनाथ हैं, जबकि निर्माण कार्य में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत आई है। शिवलिंग की यात्रा के दौरान जहां-जहां यह पहुंच रहा है, वहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। गोपालगंज में करीब 48 से 50 घंटे के ठहराव के बाद शिवलिंग पूर्वी चंपारण के लिए रवाना होगा।
विराट रामायण मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ललन सिंह के अनुसार, इस शिवलिंग की विधिवत स्थापना जनवरी–फरवरी 2026 में किए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 33 फीट ऊंचा यह शिवलिंग विश्व के सबसे बड़े विराट रामायण मंदिर की भव्यता को और अधिक बढ़ाएगा।
गौरतलब है कि विराट रामायण मंदिर का शिलान्यास 20 जून 2023 को किया गया था। मंदिर परिसर के प्रवेश द्वार, गणेश स्थल, सिंह द्वार, नंदी स्थल, शिवलिंग मंच और गर्भगृह की पाइलिंग का कार्य पूरा हो चुका है। प्रस्तावित मंदिर 1080 फीट लंबा और 540 फीट चौड़ा होगा, जिसमें 18 शिखर और 22 उप-मंदिर शामिल होंगे। मुख्य शिखर की ऊंचाई 270 फीट निर्धारित की गई है।
धार्मिक न्यास परिषद से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बिहार को विश्व का सबसे बड़ा मंदिर मिलने का गौरव प्राप्त हो सके।



No comments:
Post a Comment