पटना का बापू परीक्षा परिसर बना देश का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र, एक साथ 21 हजार परीक्षार्थी दे सकेंगे परीक्षा - City Channel

Breaking

Saturday, January 3, 2026

पटना का बापू परीक्षा परिसर बना देश का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र, एक साथ 21 हजार परीक्षार्थी दे सकेंगे परीक्षा

पटना का बापू परीक्षा परिसर बना देश का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र, एक साथ 21 हजार परीक्षार्थी दे सकेंगे परीक्षा

\

पटना : बिहार की राजधानी पटना के कुम्हरार स्थित बापू परीक्षा परिसर ने देशभर में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह परिसर अब देश का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र बन गया है, जहां एक साथ करीब 21,000 परीक्षार्थी परीक्षा दे सकेंगे। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के अध्यक्ष आनंद किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बापू परीक्षा परिसर को आधुनिक तकनीक, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस किया गया है, ताकि परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सकें। यह परीक्षा केंद्र अब राष्ट्रीय स्तर पर एक मॉडल के रूप में उभर रहा है।

हाइब्रिड मोड में होगी परीक्षा

बिहार बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार, बापू परीक्षा परिसर के ब्लॉक A और B को हाइब्रिड मोड में तैयार किया गया है, जहां ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार की परीक्षाएं आयोजित की जा सकती हैं।

  • ब्लॉक A और B में एक साथ 7,500 से 8,500 परीक्षार्थी परीक्षा दे सकते हैं।

  • क्षमता विस्तार के बाद यहां करीब 11,000 छात्र एक साथ ऑनलाइन परीक्षा दे सकेंगे।

  • ब्लॉक C में लगभग 3,000 परीक्षार्थियों के परीक्षा देने की सुविधा है।

इस प्रकार पूरे परिसर में एक साथ 21,000 परीक्षार्थियों के बैठने और परीक्षा देने की व्यवस्था है।

पूरे बिहार की परीक्षा व्यवस्था का होगा नियंत्रण

बिहार बोर्ड के अनुसार, यह देश का इकलौता परीक्षा केंद्र है, जहां इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी एक साथ परीक्षा दे सकते हैं। यही केंद्र पूरे बिहार में होने वाली ऑनलाइन और ऑफलाइन परीक्षाओं का संचालन और मॉनिटरिंग हब होगा। सभी तकनीकी और प्रशासनिक गतिविधियों की निगरानी इसी परिसर से की जाएगी।

इन बड़ी संस्थाओं की हो चुकी हैं परीक्षाएं

बापू परीक्षा परिसर में अब तक कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतिष्ठित संस्थाओं की परीक्षाएं आयोजित हो चुकी हैं, जिनमें शामिल हैं—
UPSC, BSSC, NTA, बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद, बिहार पुलिस मुख्यालय, डाक विभाग और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति।
इसके अलावा LIC, जीविका, RRB NTPC, STET और सक्षमता परीक्षा जैसी प्रमुख परीक्षाएं भी यहां कराई जा चुकी हैं।

कड़ी सुरक्षा और आधुनिक सुविधाएं

परीक्षा केंद्र में सुरक्षा के लिए 944 CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जाती है। इसके साथ ही जैमर, बैगेज स्कैनर, मेटल डिटेक्टर और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर जैसी अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं मौजूद हैं।

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परिसर में—

  • 24 एस्कलेटर और 9 बड़े लिफ्ट

  • दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर और अलग वॉशरूम

  • हर मंजिल पर RO युक्त शुद्ध पेयजल

  • निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए सब-स्टेशन और दो बड़े DG सेट लगाए गए हैं।

मल्टीलेवल पार्किंग की भी योजना

अभिभावकों और परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर के 60 एकड़ क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की योजना है, जहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों की एक साथ पार्किंग की सुविधा होगी।

देश के आदर्श परीक्षा केंद्रों में शामिल

बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा कि आधुनिक तकनीक, कड़ी सुरक्षा और बेहतरीन सुविधाओं के कारण बापू परीक्षा परिसर अब देश के आदर्श परीक्षा केंद्रों में शामिल हो चुका है। इससे आने वाले समय में परीक्षाएं और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और निष्पक्ष होंगी।

No comments:

Post a Comment

Pages