सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत: समस्तीपुर में नियम तोड़ने वालों को गुलाब देकर दी गई हिदायत
समस्तीपुर : जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए जिला परिवहन विभाग ने शनिवार से सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत की। जिला परिवहन पदाधिकारी विवेक चंद्र पटेल के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत शहर और राष्ट्रीय राजमार्गों पर रोको-टोको अभियान चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करते पकड़े गए लोगों को इस बार जुर्माना नहीं, बल्कि गुलाब का फूल देकर चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि यह उनकी पहली गलती है। अगली बार नियम तोड़ते पकड़े जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना वसूला जाएगा और गंभीर मामलों में जेल की सजा भी हो सकती है। इस कार्रवाई में आम नागरिकों के साथ-साथ पंचायत प्रतिनिधि और शिक्षक भी नियमों का उल्लंघन करते पकड़े गए।
समस्तीपुर–पटना मुख्य सड़क के मोहनपुर, राष्ट्रीय राजमार्ग-28 के ताजपुर राजधानी चौक, और बंगरा थाना चौक के पास यह अभियान चलाया गया। अभियान में परिवहन विभाग के साथ बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय राजमार्ग-28 के राजधानी चौक पर सरपंच पंकज कुमार बिना हेलमेट वाहन चलाते हुए पकड़े गए। परिचय देने पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि “आप अपने पंचायत के मजिस्ट्रेट हैं, अगर आप ही नियमों का पालन नहीं करेंगे, तो आम लोग कैसे सीखेंगे।” इसके बाद उन्हें गुलाब देते हुए हेलमेट पहनने की सलाह दी गई।
वहीं, ताजपुर राजधानी चौक पर शिक्षिका नुसरत प्रवीण भी बिना हेलमेट अपनी मां को स्कूटी से ले जाते हुए पकड़ी गईं। महिला परिवहन पदाधिकारी ने उन्हें फूल भेंट कर कहा कि “आप शिक्षिका हैं, लोगों को जागरूक करना आपका दायित्व है, नियम तोड़ना नहीं।”
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर 100 से अधिक लोग बिना हेलमेट और चारपहिया वाहन में बिना सीट बेल्ट लगाए पकड़े गए। सभी को पहली बार चेतावनी देते हुए गुलाब भेंट किया गया और दोबारा गलती न करने की शपथ दिलाई गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी विवेक चंद्र पटेल ने बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण जिले में औसतन प्रतिदिन पांच लोगों की मौत हो जाती है। इनमें अधिकांश मामले बिना हेलमेट बाइक चलाने से जुड़े होते हैं। यदि लोग हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें, तो दुर्घटनाओं और मौतों की संख्या में कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि यह सड़क सुरक्षा माह अभियान 31 जनवरी तक जिले भर में लगातार चलाया जाएगा, ताकि लोगों को नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।


No comments:
Post a Comment