सरस्वती पूजा व शब-ए-बारात को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई - City Channel

Breaking

Wednesday, January 21, 2026

सरस्वती पूजा व शब-ए-बारात को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई

 सरस्वती पूजा व शब-ए-बारात को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई

जमुई : जिले में आगामी सरस्वती पूजा और शब-ए-बारात पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिलाधिकारी श्री नवीन की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पूजा एवं विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कहीं भी डीजे बजता पाया गया तो डीजे मालिक और संबंधित पूजा लाइसेंसधारी दोनों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान निर्धारित टाइम लाइन और रूट चार्ट का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा।

डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे का अधिष्ठापन अनिवार्य होगा। बिना सीसीटीवी लगाए किसी भी पूजा समिति को लाइसेंस निर्गत नहीं किया जाएगा। चंदा वसूली, पटाखों की दुकानों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने बताया कि शांति भंग की आशंका को देखते हुए धारा 107 के अंतर्गत बॉन्ड डाउन की कार्रवाई भी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि विसर्जन जुलूस के दौरान धार्मिक उन्माद फैलाने वाले, अश्लील या भोंडे गीत बजाने पर सख्त कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी तरह की अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि कहीं भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें। नशा सेवन कर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने जिला शांति समिति के सदस्यों को प्रशासन का “आंख और कान” बताते हुए उनसे सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई और सभी से सौहार्दपूर्ण वातावरण में बसंत पंचमी और शब-ए-बारात मनाने की अपील की।

वहीं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि सभी पर्व परंपरा और रीति-रिवाज के अनुरूप मनाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भक्तिमय जागरण के नाम पर अश्लील नृत्य या अनुचित कार्यक्रम आयोजित किए गए, तो सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाएगी और संबंधित अनुमति प्राप्त करने वाले व्यक्ति भी दंडित होंगे। एसपी ने बताया कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। शांति समिति के सदस्यों से उन्होंने प्रशासन और जनता के बीच सेतु बनकर कार्य करने की अपील की।

बैठक में उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, एसडीएम सौरव कुमार, डीसीएलआर सुजीत कुमार, एसडीपीओ सतीश सुमन, डीएसपी रक्षित सुरेश प्रसाद, उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार, पुलिस अधिकारी अरुण कुमार, थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सीओ ललिता कुमारी, नगर परिषद अध्यक्ष मो. हलीम समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला शांति समिति के सदस्य डॉ. निरंजन कुमार, मनोहर गुप्ता, सिकंदर कुमार साह, शंकर साह, नीतेश केशरी, मो. इरफान, मो. हिजबुर रहमान, राहुल दास, अरुण कुमार सिंह उर्फ बबन जी, मो. राशिद, पंकज कुमार मिश्रा, चंद्रदेव सिंह, मुश्ताक अंसारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग बैठक में उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

Pages