अवैध बालू खनन के विरोध में किसानों का उग्र आंदोलन, कल सांसद व विधायक प्रतिनिधि का पुतला दहन - City Channel

Breaking

Wednesday, January 21, 2026

अवैध बालू खनन के विरोध में किसानों का उग्र आंदोलन, कल सांसद व विधायक प्रतिनिधि का पुतला दहन

अवैध बालू खनन के विरोध में किसानों का उग्र आंदोलन, कल सांसद व विधायक प्रतिनिधि का पुतला दहन

🔹उप समाहर्ता की अनुशंसा को क्यों दबाया गया? जिला प्रशासन जवाब दे — बाबू साहब सिंह

जमुई : मौरा बालू घाट में हो रहे कथित अवैध बालू खनन के विरोध में किसानों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद किसान दिन-रात धरने पर डटे हुए हैं और अपनी खेती-किसानी को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि उन्हें अब तक सिर्फ झूठे आश्वासन मिले हैं, जबकि उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई।

धरना का नेतृत्व कर रहे भाकपा (माले) के युवा नेता बाबू साहब सिंह ने कहा कि जमुई के वर्तमान सांसद अरुण भारती तथा झाझा विधानसभा क्षेत्र के विधायक के पुत्र, जो कथित रूप से बालू ठेकेदार हैं, के संरक्षण में अवैध खनन किया जा रहा है। इसी से आक्रोशित होकर किसानों ने घोषणा की है कि बुधवार को सांसद अरुण भारती एवं दामोदर रावत का संयुक्त रूप से पुतला दहन किया जाएगा तथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

बाबू साहब सिंह ने सवाल उठाया कि वर्ष 2018 में उप समाहर्ता की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय जांच समिति द्वारा पत्रांक 419 के माध्यम से मौरा बालू घाट की बंदोबस्ती रद्द करने की अनुशंसा की गई थी, फिर उस अनुशंसा को जिला प्रशासन द्वारा क्यों दबा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन और प्रभावशाली नेताओं की मिलीभगत से अवैध बंदोबस्ती को वैध ठहराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बालू घाट के संवेदक का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वह दिनदहाड़े हथियार लेकर घूम रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है। महिलाओं और बच्चों को डराने-धमकाने की घटनाओं की भी शिकायत की गई है। बाबू साहब सिंह ने स्पष्ट कहा कि यदि जिला प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो किसान उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

धरना स्थल पर अशोक सिंह, सुभाष सिंह, अनिल रावत, मनोज सिंह, सर्वण कुमार यादव, विक्रम यादव, उमेश यादव, गोपाल कुमार झा, कैलाश रावत, सुगदेव शाह, घुटर सिंह, कुमोत सिंह, सचित रावत सहित दर्जनों किसान लगातार दिन-रात आंदोलन में शामिल हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages