शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई पुलिस अवर निरीक्षक प्रारंभिक परीक्षा
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा पुलिस अवर निरीक्षक (SI) के पद पर नियुक्ति हेतु आयोजित प्रारंभिक लिखित परीक्षा रविवार को जमुई जिले में शांतिपूर्ण एवं पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के लिए जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे, जहां सुबह से ही अभ्यर्थियों की चहल-पहल देखी गई।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई :
पहली पाली में कुल 5064 अभ्यर्थियों के विरुद्ध 1340 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। वहीं दूसरी पाली में भी 5064 में से 1209 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। दोनों पालियों में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति जिला प्रशासन के लिए गौरतलब रही, हालांकि परीक्षा संचालन पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा।
परीक्षा के दौरान व्यवस्था की निगरानी जिले के शीर्ष अधिकारी स्वयं करते रहे। जिलाधिकारी श्री नवीन एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन की वास्तविक स्थिति को परखा। निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारियों ने बताया कि संपूर्ण परीक्षा आयोग के दिशा-निर्देशों (Guidelines) के अनुरूप बिना किसी गड़बड़ी, हंगामे या कदाचार के संपन्न हुई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि हर परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व जांच, धातु डिटेक्टर की व्यवस्था और प्रतिबंधित वस्तुओं पर रोक को सख्ती से लागू किया गया। विशेष निगरानी टीमों ने पूरे जिले में लगातार गश्ती कर किसी भी संभावित व्यवधान को रोकने का कार्य किया।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से हर स्तर पर चौकसी बरती गई। सीसीटीवी निगरानी, बाहरी सुरक्षा घेरा और केंद्रों पर पुलिस बल की मौजूदगी के कारण परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो सकी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षार्थियों के सहयोग और शांतिपूर्ण वातावरण के लिए सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस बल की सराहना की। जिले भर में परीक्षा को लेकर दिनभर अनुशासन और व्यवस्था बनी रही।

No comments:
Post a Comment