छापा पंचायत के केनमन काठी में भीषण सड़क हादसा: पाँच वर्षीय कृष की मौत, दादी घायल—ग्रामीणों में आक्रोश - City Channel

Breaking

Sunday, January 18, 2026

छापा पंचायत के केनमन काठी में भीषण सड़क हादसा: पाँच वर्षीय कृष की मौत, दादी घायल—ग्रामीणों में आक्रोश

छापा पंचायत के केनमन काठी में भीषण सड़क हादसा: पाँच वर्षीय कृष की मौत, दादी घायल—ग्रामीणों में आक्रोश


सिटी संवाददाता : ब्रह्मदेव प्रसाद यादव

झाझा : छापा पंचायत अंतर्गत केनमन काठी गांव में मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय एकलौते पुत्र कृष यादव की मौत हो गई। मृतक के पिता अरविंद यादव पर मानो पहाड़ टूट पड़ा है। घटना उस समय हुई जब कृष अपनी दादी के साथ कलजुगहा–NHA सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार स्कार्पियो ने दोनों को बुरी तरह टक्कर मार दी और वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को झाझा रेफरल अस्पताल पहुँचाया, जहां चिकित्सकों ने बच्चे कृष को मृत घोषित कर दिया। दादी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कलजुगहा NHA पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, क्योंकि सड़क के दोनों ओर घनी आबादी है पास में उत्क्रमित मध्य विद्यालय और 10+2 उच्च विद्यालय स्थित हैं। स्कूल परिसर में चारदीवारी नहीं है। मौके पर बैरिकेडिंग प्रशासन ने हटा दी, जो पहले लगाई गई थी सड़क पर स्पीड ब्रेकर का अभाव है—ग्रामीणों ने कम से कम दो ब्रेकर लगाने की मांग की थी।

वहीं घटना के बाद से गांव में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर फरार स्कार्पियो चालक की पहचान और गिरफ्तारी की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि: “सड़क पर रफ्तार का आतंक जारी है। स्कूलों के सामने बच्चे रोज़ सड़क पार करते हैं, लेकिन न ब्रेकर है, न संकेत बोर्ड। प्रशासन की लापरवाही आज एक मासूम की जान ले गई। चालक को जल्द पकड़ा जाए और सड़क सुरक्षा की तत्काल व्यवस्था हो।”

ग्रामीणों के दबाव के बाद पुलिस व प्रशासन ने CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने घटना में शामिल वाहन का पता लगाने और चालक को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमति दी।

घटना से घायल दादी ने रोते हुए कहा कि “हम धीरे-धीरे सड़क पार कर रहे थे… तभी अचानक तेज रफ्तार गाड़ी आई और हमें उड़ा दिया। सब कुछ पलक झपकते हो गया। मेरा कृष तो चला गया… उसे मैं कैसे वापस लाऊँ?”

समाजसेवी गौरव सिंह राठौर ने घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए कहा “जहाँ स्कूल हो, वहाँ बैरिकेडिंग और ब्रेकर अनिवार्य है। ग्रामीणों की मांग वर्षों पुरानी है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। यदि समय पर सुरक्षा व्यवस्था होती तो यह मासूम अपनी जान नहीं खोता। सड़क सुरक्षा को लेकर तत्काल कदम उठाए जाएँ।”

No comments:

Post a Comment

Pages