“सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान 19 जनवरी से शुरू: जिलाधिकारी नवीन ने दी जानकारी
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
जमुई : समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित प्रेस संवाद में जिलाधिकारी श्री नवीन ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सात निश्चय योजना—भाग 03 के अंतर्गत शुरू किए जा रहे “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन का यह नया प्रयास आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किया जा रहा है।
अभियान के तहत 19 जनवरी (सोमवार) से पंचायत स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक सभी अधिकारी निर्धारित समय अपराह्न 3 बजे से अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। आम नागरिक सीधे अधिकारी से मिलकर अपनी समस्या रख सकेंगे। यह व्यवस्था प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को लागू रहेगी।
डीएम नवीन ने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें और तय समय सीमा में उसका समाधान करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि समाहरणालय के सभा कक्ष में जनता दरबार 19 जनवरी से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को अपराह्न 3 बजे से शुरू होगा, जो शिकायतकर्ताओं की उपस्थिति तक जारी रहेगा। राजस्व, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, आपूर्ति सहित सभी विभागों से संबंधित शिकायतें मौके पर सुनी जाएँगी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएँगे।
उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था का लक्ष्य है कि नागरिकों की आम समस्याएँ एक ही मंच पर आसानी से हल हो सकें, जिससे जनता और प्रशासन के बीच की दूरी समाप्त हो। शिकायतकर्ता सीधे विभागीय अधिकारियों से संवाद करेंगे, और अधिकारी उनके मामलों का मौके पर प्राथमिक समाधान या पहल सुनिश्चित करेंगे। डीएम ने इसे प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसान पंजीकरण कार्य 21 जनवरी तक नामित स्थलों पर आयोजित शिविरों के माध्यम से जारी है। उन्होंने सभी किसानों से सरकारी लाभ प्राप्त करने के लिए अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील की।
उन्होंने भू-मापी (म्यूटेशन/सर्वे) अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि जरूरतमंद लोग निर्धारित शुल्क जमा कर निर्धारित तिथि के भीतर भू-मापी कराएँ, जिससे भविष्य की जटिलताओं से राहत मिलेगी।
वहीं, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि पुलिस प्रशासन भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएगा। सप्ताह में दो दिन पुलिस मुख्यालय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सर्किल इंस्पेक्टर और सभी थानाध्यक्ष आम लोगों की शिकायतें सुनेंगे। भूमि विवाद, मारपीट, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और अन्य पुलिस मामलों में मौके पर समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास बहाल करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है, जिससे कानून-व्यवस्था और बेहतर होगी तथा लोग सम्मानपूर्वक जीवन जी सकेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद लिखनहार भी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment