बानपुर में किसान के धान की विचाली में लगी आग, हजारों की संपत्ति जलकर राख
खैरा, जमुई : खैरा थाना क्षेत्र के बानपुर गांव में सोमवार की शाम एक किसान के घर के सामने रखी धान की विचाली में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे विचाली के पुंज को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसान को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।
घटना में पीड़ित किसान की पहचान मोहम्मद तबारख खान के रूप में हुई है। उनके घर के आगे धान की विचाली का बड़ा ढेर रखा हुआ था। शाम के समय आग लगने की घटना उस समय घटी जब तबारख खान बाजार गए हुए थे और घर में ताला बंद था।
स्थानीय लोगों ने बुझाने का किया प्रयास
आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँचे और अपने स्तर से आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि तेज लपटों के कारण विचाली का पूरा पुंज कुछ ही देर में जलकर राख हो गया।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
खैरा थाना के चौकीदार मोहम्मद सिकंदर ने बताया कि आग किस कारण लगी, इसका अब तक पता नहीं चल पाया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है, और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आर्थिक नुकसान पर मुआवजे की मांग
इस घटना से किसान को काफी नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान मोहम्मद तबारख खान ने प्रशासन से आपदा राहत मद के तहत मुआवजा देने की मांग की है, ताकि आगजनी से हुई क्षति की भरपाई हो सके।
गांव में आगजनी की इस घटना को लेकर चिंता और अफरातफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment