जमुई में ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ अभियान शुरू : जिलाधिकारी नवीन ने सुनीं आमजनों की समस्याएँ - City Channel

Breaking

Monday, January 19, 2026

जमुई में ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ अभियान शुरू : जिलाधिकारी नवीन ने सुनीं आमजनों की समस्याएँ

 जमुई में ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ अभियान शुरू : जिलाधिकारी नवीन ने सुनीं आमजनों की समस्याएँ


जमुई | ब्यूरो रिपोर्ट 

राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय–III के अंतर्गत संचालित निश्चय “सबका सम्मान–जीवन आसान” को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जमुई जिला प्रशासन सक्रिय मोड में आ गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री नवीन ने सोमवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में आम नागरिकों से सीधे मिलकर उनकी समस्याएँ सुनीं और त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।

जनता से सीधा संवाद, तुरंत पहल

अभियान के तहत निर्धारित समयानुसार अपराह्न 3 बजे से डीएम नवीन जनता के बीच पहुँचे। दर्जनों शिकायतकर्ता अपनी समस्याएँ लेकर उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को मौके पर ही आवश्यक दिशा–निर्देश जारी किए।

उन्होंने कहा कि “जनता को बार–बार कार्यालयों का चक्कर लगाना न पड़े, यही इस अभियान का मूल उद्देश्य है। प्रशासन अब पूरी संवेदनशीलता के साथ लोगों की शिकायतों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करेगा।”

सोमवार और शुक्रवार को लगेगा जनता दरबार

अभियान के तहत अब हर सोमवार और शुक्रवार को समाहरणालय में जनता दरबार आयोजित होगा। राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को एक ही मंच पर सुना जाएगा। शिकायतकर्ताओं के लिए बैठक व्यवस्था, पीने के पानी तथा आवश्यक सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी समाप्त करना है। उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएँ और कार्रवाई में पारदर्शिता बनाए रखें।

जनभागीदारी से मजबूत होगा शासन-प्रशासन

अभियान के दौरान कई सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन तभी प्रभावी बनता है जब नागरिकों की सहभागिता बढ़ती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याएँ बेहिचक सामने रखें, ताकि जिला प्रशासन उन्हें समय पर समाधान प्रदान कर सके।

अभियान के दौरान कई विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे और प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की।

No comments:

Post a Comment

Pages