यूजीसी नियमों के विरोध में ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन - City Channel

Breaking

Friday, January 30, 2026

यूजीसी नियमों के विरोध में ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

यूजीसी नियमों के विरोध में ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन


सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार

खतौली : अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में बुधवार को सैकड़ों लोगों ने यूजीसी के नए नियमों के विरोध में खतौली तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रस्तावित प्रावधानों को “सवर्ण समाज के हितों के प्रतिकूल” बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन के उपरांत संगठन पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी निकिता शर्मा को सौंपा। ज्ञापन में यूजीसी के नए नियमों को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की गई।

महासभा के संरक्षक नरेश गौड़ ने कहा कि संबंधित नियम समाज में असंतुलन की स्थिति उत्पन्न कर सकते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इससे विभिन्न वर्गों के छात्रों के बीच दूरी बढ़ सकती है। उन्होंने सरकार से पुनर्विचार की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेश स्तर पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

संगठन के अध्यक्ष केपी शर्मा ने आरोप लगाया कि नए प्रावधान सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं के हितों के विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि यदि नियम वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा।

महामंत्री मुकेश शर्मा ने भी कहा कि इन नियमों से शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से सभी पक्षों से संवाद कर संतुलित निर्णय लेने की अपील की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया। संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी जाति या वर्ग विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उसे उच्च स्तर तक प्रेषित करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर अशोक शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, सुरेश कुमार, सत्यदेव शर्मा, मनमोहन शर्मा, जितेंद्र शर्मा, प्रशांत पंडित, नीरज शर्मा, रोहित भारद्वाज, गौरव शर्मा (बंटी), आयुष जोशी, सत्येंद्र शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा, सुशील शर्मा, दिनेश शर्मा, अजय भारद्वाज, निशांत शर्मा, पवन कुमार, आशीष शर्मा, राहुल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages