स्मार्ट मीटर के विरोध में 3 फरवरी को एमडी कार्यालय का घेराव करेगा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल - City Channel

Breaking

Friday, January 30, 2026

स्मार्ट मीटर के विरोध में 3 फरवरी को एमडी कार्यालय का घेराव करेगा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल

स्मार्ट मीटर के विरोध में 3 फरवरी को एमडी कार्यालय का घेराव करेगा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल


सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार

मेरठ : उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) की मेरठ जनपद इकाई की एक आवश्यक बैठक गुरुवार को मीनाक्षीपुरम स्थित संगठन मुख्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्री लोकेश अग्रवाल ने की।

बैठक में प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर एवं बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर व्यापारियों ने गंभीर आपत्ति दर्ज की। प्रदेश अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने आरोप लगाया कि विद्युत नियामक आयोग के आदेशों की अनदेखी करते हुए विभाग द्वारा जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदार, रेहड़ी-पटरी संचालक तथा घरेलू उद्योग पहले ही महंगाई और ऑनलाइन व्यापार की प्रतिस्पर्धा से जूझ रहे हैं, ऐसे में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में दो से तीन गुना तक वृद्धि होने की शिकायतें मिल रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि बिलों में कथित बढ़ोतरी और तकनीकी त्रुटियों के संबंध में विभागीय स्तर पर प्रभावी सुनवाई की व्यवस्था नहीं है। “जब सरकार स्मार्ट मीटर को सुविधा और पारदर्शिता का माध्यम बता रही है, तो बिल विवाद की स्थिति में बिजली आपूर्ति क्यों बाधित की जा रही है? यदि तकनीक पारदर्शी है, तो स्वतंत्र जांच की व्यवस्था क्यों नहीं की जाती?” उन्होंने प्रश्न उठाया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्मार्ट मीटर एवं अन्य विद्युत समस्याओं के विरोध में 3 फरवरी को व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक कार्यालय का घेराव करेगा और मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेगा।

बैठक में राजकुमार त्यागी, सुशील जैन, अतुल्य गुप्ता, गौरव गोयल, संजय कुमार, इसरार सिद्दकी, रामोतार, कुलभूषण (हस्तिनापुर), शोभित त्यागी, अश्वनी (फलावदा), राजा खान, पुष्पेंद्र पाल, जनेश्वर त्यागी, फराकत राणा, राहुल शर्मा, प्रमोद (खरखौदा), सादिक सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को व्यापक स्तर पर विस्तार दिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Pages