जमुई में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
कांग्रेस भवन, जमुई : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर स्थानीय कांग्रेस भवन, जमुई में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से एक गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभा की शुरुआत गांधी जी के तेल चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बापू के आदर्शों—सत्य, अहिंसा, प्रेम, सद्भाव और सेवा—को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, पूर्व अध्यक्ष हरेंद्र कुमार सिंह, प्रधान महासचिव श्रीनिवास सिंह, वरिष्ठ नेता ब्रह्मदेव पासवान, प्रकाश सिंह, नौशाद जी, बबलू कुमार, राम मांझी, कुमार पुष्पराज, डॉ. राजीव कुमार सिंह, जयदेव सिंह तथा जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष देवी कुमारी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हरेंद्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी का जीवन त्याग, संघर्ष और सेवा की मिसाल है। उन्होंने सत्य और अहिंसा के बल पर देश को स्वतंत्रता दिलाई और ग्राम स्वराज, सामाजिक समानता तथा भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में गांधी जी के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेता है और उनके सपनों का भारत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। गांव से लेकर शहर तक विकास, सामाजिक न्याय और सद्भावना को मजबूत करना ही बापू को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रपिता के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने और समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment