जमुई में पहली बार आर्ट गैलरी का आयोजन, स्थानीय कलाकारों को मिला सशक्त मंच
जमुई : कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार के संरक्षण में जमुई जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक चंद्रशेखर सिंह संग्रहालय में पहली बार आर्ट गैलरी एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस पहल ने जिले के स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया है।
प्रदर्शनी में जिले के उभरते कलाकारों द्वारा चित्रकला, फोटोग्राफी, फाइन आर्ट, संरचनात्मक कला (स्ट्रक्चर आर्ट) सहित विभिन्न विधाओं की कृतियां प्रदर्शित की गई हैं। संग्रहालय परिसर में सजी कलाकृतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और कला के माध्यम से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं समसामयिक विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
फोटोग्राफर एवं कलाकार बिरजू कुमार ने बताया कि जिले में इस प्रकार की कला प्रदर्शनी का यह पहला अवसर है। उनकी फोटो गैलरी में बीड़ी श्रमिकों की समस्याएं, किसानों की चुनौतियां तथा ग्रामीण जीवन की वास्तविक झलक को दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को रेखांकित कर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया है।
कलाकार देवराज ने कहा कि इस तरह के आयोजन नियमित रूप से होने चाहिए, ताकि जिले के उभरते कलाकारों को पहचान और प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
प्रदर्शनी में भाग लेने वाली एक महिला कलाकार ने कहा कि पूर्व में कला को समाज में अपेक्षित महत्व नहीं मिल पाता था, लेकिन अब विभागीय पहल से कलाकारों को पहचान और मंच दोनों मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में विविध कला विधाओं की प्रस्तुति बच्चों और युवाओं को प्रेरित कर रही है।
लीप आर्टिस्ट एवं शिक्षक दुष्यंत कुमार ने कहा कि कला व्यक्ति के मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां विद्यार्थियों को सीखने, समझने और अपनी सृजनात्मक क्षमता को विकसित करने का अवसर देती हैं।
कला प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की उपस्थिति से प्रदर्शनी को व्यापक सराहना मिल रही है। यह आयोजन न केवल कलाकारों के लिए अवसर साबित हो रहा है, बल्कि जमुई जिले में कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी माना जा रहा है।

No comments:
Post a Comment