सिकंदरा लूटकांड का पुलिस ने किया सफल उद्भेदन, दो अभियुक्त गिरफ्तार, दो बाल अपचारी निरुद्ध - City Channel

Breaking

Sunday, January 4, 2026

सिकंदरा लूटकांड का पुलिस ने किया सफल उद्भेदन, दो अभियुक्त गिरफ्तार, दो बाल अपचारी निरुद्ध

सिकंदरा लूटकांड का पुलिस ने किया सफल उद्भेदन, दो अभियुक्त गिरफ्तार, दो बाल अपचारी निरुद्ध

जमुई : जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में हुए लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। लूटी गई होंडा साइन बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है। इस संबंध में जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने खैरा थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विस्तृत जानकारी दी।

एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि यह घटना 21 दिसंबर 2025 की रात करीब 8:30 बजे की है। धरहरा निवासी पंकज कुमार वर्णवाल अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाभन टोला ठाकुरबाड़ी मोड़ के पास तीन अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें पिस्टल दिखाकर रोक लिया और उनकी होंडा साइन बाइक, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा 16 हजार रुपये नकद लूट लिए।

घटना के बाद पीड़ित के बयान के आधार पर सिकंदरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस टीम में जिला आसूचना इकाई और सिकंदरा थाना पुलिस के अधिकारी शामिल थे।

पुलिस ने गुप्त सूचना, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर छापेमारी करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जबकि दो विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया। पुलिस ने लूटी गई होंडा साइन बाइक भी बरामद कर ली है।

एसपी ने यह भी बताया कि एक अन्य कार्रवाई में कुख्यात अपराधी नीतीश कुमार समेत दो बाइक सवारों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें संबंधित थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जमुई पुलिस पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Pages