जमुई-मलयपुर मार्ग पर मधुमक्खियों का कहर, तीन दर्जन से अधिक लोग घायल - City Channel

Breaking

Sunday, January 4, 2026

जमुई-मलयपुर मार्ग पर मधुमक्खियों का कहर, तीन दर्जन से अधिक लोग घायल

जमुई-मलयपुर मार्ग पर मधुमक्खियों का कहर : तीन दर्जन से अधिक लोग घायल, पक्षी के छत्ते से टकराते ही उग्र हुआ झुंड, राहगीरों में मची अफरातफरी

जमुई : जमुई–मलयपुर मुख्य मार्ग पर स्थित शिवमपुरी मोहल्ले के पास रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले में करीब तीन दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। यह अप्रत्याशित घटना तब घटी, जब एक पक्षी लंबे समय से लगे मधुमक्खियों के छत्ते से टकरा गया, जिससे मधुमक्खियां उग्र हो गईं और राहगीरों पर टूट पड़ीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिवमपुरी मोहल्ले में एक मकान के छज्जे के नीचे काफी समय से मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था। रविवार दोपहर अचानक पक्षी के टकराने के बाद मधुमक्खियों का झुंड बेकाबू हो गया और सड़क से गुजर रहे साइकिल सवारों व पैदल यात्रियों को निशाना बनाने लगा।

इस घटना में सतगामा निवासी गुड्डू राम और बोधवन तालाब चौक निवासी लालू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मधुमक्खियों ने शरीर के कई हिस्सों में डंक मारे। स्थानीय लोगों की तत्परता से उन्हें तुरंत एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। इसके अलावा अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया। अधिकांश घायलों को चेहरे, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में डंक लगे हैं।

घटना के समय मौजूद स्थानीय दुकानदार ऋषि वर्मा ने बताया कि अचानक मधुमक्खियों का झुंड उड़ता हुआ दिखाई दिया और देखते ही देखते कई लोग डंक का शिकार हो गए। जान बचाने के लिए लोग साइकिल और सामान छोड़कर इधर-उधर भागने लगे।

स्थानीय पत्रकार द्वारा घटना की सूचना देने के लिए वन विभाग के डीएफओ से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद संपर्क नहीं हो सका। इससे लोगों में नाराजगी देखी गई।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि रिहायशी इलाकों और मुख्य मार्गों के पास लगे खतरनाक मधुमक्खी के छत्तों को चिन्हित कर शीघ्र हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से आम लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।

No comments:

Post a Comment

Pages