सिमुलतला आवासीय विद्यालय में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति, 6 जनवरी को वॉक-इन इंटरव्यू
जमुई : बिहार के प्रतिष्ठित सिमुलतला आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई के लिए विभिन्न विषयों के शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इस संबंध में जमुई जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से आधिकारिक सूचना जारी की गई है।
जारी सूचना के अनुसार विद्यालय में गणित पीजीटी के दो पद, हिंदी का एक पद, रसायन विज्ञान का एक पद, इतिहास का एक पद और विज्ञान का एक पद रिक्त है। चयनित शिक्षकों को उनके मूल वेतन एवं देय भत्तों के अतिरिक्त सिमुलतला आवासीय विद्यालय की ओर से प्रतिदिन एक हजार रुपये का अतिरिक्त भत्ता प्रदान किया जाएगा।
प्रतिनियुक्त शिक्षकों को विद्यालय परिसर में ही निशुल्क आवासन एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि, विद्यालय परिसर में रहना अनिवार्य होगा, जिस कारण उन्हें मकान किराया भत्ता देय नहीं होगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह प्रतिनियुक्ति आवश्यकता अनुसार किसी भी समय रद्द की जा सकती है।
इच्छुक एवं योग्य शिक्षक-शिक्षिकाएं 6 जनवरी 2026 (मंगलवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ, जमुई में आयोजित वॉक-इन इंटरव्यू में सीधे भाग ले सकते हैं। इसके लिए किसी पूर्व आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर ‘मार्क ऑन ड्यूटी’ के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने पात्र शिक्षकों से निर्धारित तिथि और समय पर सभी आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ उपस्थित होने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment