जमुई के सिमुलतला में बाथरूम से निकला विशाल अजगर, मजदूरों ने सूझबूझ से बचाई जान - City Channel

Breaking

Saturday, January 3, 2026

जमुई के सिमुलतला में बाथरूम से निकला विशाल अजगर, मजदूरों ने सूझबूझ से बचाई जान

जमुई के सिमुलतला में बाथरूम से निकला विशाल अजगर, मजदूरों ने सूझबूझ से बचाई जान

सिमुलतला, जमुई :  जमुई जिले के सिमुलतला स्थित सेनबाड़ी नर्सरी परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शौचालय में काम के दौरान एक विशाल अजगर निकल आया। कमोड के भीतर से अचानक अजगर को बाहर आते देख वहां काम कर रहे मजदूरों और मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

घटना उस समय हुई, जब शौचालय में प्लंबिंग का कार्य चल रहा था। खुरंडा गांव निवासी प्लंबर दोरिक पंडित ने अजगर दिखते ही तुरंत सिमुलतला के वनकर्मी को इसकी सूचना दी, लेकिन वनकर्मी ने यह कहकर मौके पर आने से इनकार कर दिया कि यह क्षेत्र उनके कार्यक्षेत्र में नहीं आता।

वन विभाग से कोई सहायता न मिलने पर दोरिक पंडित और उनके साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। सभी ने सावधानीपूर्वक अजगर को काबू में कर एक बोरे में सुरक्षित बंद कर दिया। इसके बाद अजगर को सिमुलतला के लट्टू पहाड़ के पास स्थित एक छोटी नदी (जोरिया) के समीप उसके प्राकृतिक आवास में सकुशल छोड़ दिया गया।

इस पूरी घटना में किसी के हताहत न होने से लोगों ने राहत की सांस ली। सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं में विभाग की त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि आम लोगों को जान जोखिम में डालकर ऐसे हालात का सामना न करना पड़े।

ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में वन्यजीवों से जुड़ी आपात स्थितियों में वन विभाग तत्काल मौके पर पहुंचे और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करे।


No comments:

Post a Comment

Pages