पर्यावरण संवर्द्धन के लिए साइकिल यात्रा, बरबट्टा में जैविक खेती का दिया संदेश
जमुई। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत आज मंच के छह सदस्यों द्वारा जमुई प्रखंड परिसर से साइकिल यात्रा निकाली गई। यह यात्रा बरबट्टा ग्राम पहुंची, जहां रोशन कुमार की निजी भूमि पर ग्रामीणों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सदस्य अजीत कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में खेती में हाइब्रिड बीज, रासायनिक खाद और कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग हो रहा है, जिससे मिट्टी की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि रासायनिक पदार्थों के उपयोग से मिट्टी की जल-संग्रहण क्षमता घटती है तथा मिट्टी के लिए लाभकारी सूक्ष्म जीव और केंचुए नष्ट हो जाते हैं। इससे मिट्टी की उर्वरता और भुरभुरापन कम हो जाता है तथा वह पानी को सोखने में असमर्थ हो जाती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे जैविक खेती की प्रणाली अपनाएं, जिससे खेतों की उर्वरता और नमी बनी रहे तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले।
संदीप रंजन ने जैविक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसमें जैविक अपशिष्ट, खेतों के अवशेष और पशु अपशिष्ट जैसे प्राकृतिक संसाधनों से तैयार खाद का उपयोग किया जाता है। इससे न केवल मिट्टी का स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि दीर्घकाल में भूमि की उत्पादकता भी बढ़ती है।
इस साइकिल यात्रा में शेषनाथ राय, राहुल कुमार सिंह, हरेराम कुमार, संदीप रंजन, राहुल ऋतुराज कुमार एवं शरद कुमार शामिल रहे। वहीं ग्रामीणों में पांडव कुमार, रोशन कुमार, राजन कुमार, प्रतीक और पलक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment