राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर 525वीं साइकिल यात्रा निकली, पौधारोपण कर मतदान जागरूकता का संकल्प
जमुई। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर “साइकिल यात्रा एक विचार” संगठन द्वारा 525वीं नियमित साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम से प्रारंभ होकर नगर परिषद के विभिन्न वार्डों का भ्रमण करती हुई गारो नवादा ग्राम पहुँची, जहां जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यात्रा के दौरान संगठन के लगभग एक दर्जन सदस्यों ने गारो नवादा स्थित बचपन स्कूल के प्रांगण में पौधारोपण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान किया गया।
संगठन के सदस्य लड्डू मिश्रा एवं अरुणेश मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाताओं पर निर्भर करती है, वहीं स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण जिम्मेदार नागरिकों की पहचान है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पौधारोपण भविष्य को संरक्षित करता है, उसी प्रकार मतदान राष्ट्र के भविष्य को दिशा देता है। दोनों ही कार्य सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं।
राजा कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है और प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों एवं ग्रामीणों ने नियमित रूप से पौधारोपण करने तथा प्रत्येक चुनाव में मतदान करने की शपथ ली।
इस अवसर पर गोलू कुमार, राजा सिंह, आनंद कुमार, कृष्ण कुमार कौशल, पवन कुमार, पंकज कुमार, विवेक कुमार, विशाल कुमार, अन्वी दुबे, हर्ष कुमार सिन्हा, रामप्रवेश कुमार, शुभम कुमार, अरुणेश मिश्रा, सागर कुमार सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment