एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, आस्ता में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, प्रतिभा, संस्कृति और सामाजिक चेतना का हुआ संगम - City Channel

Breaking

Friday, January 23, 2026

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, आस्ता में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, प्रतिभा, संस्कृति और सामाजिक चेतना का हुआ संगम

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, आस्ता में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, प्रतिभा, संस्कृति और सामाजिक चेतना का हुआ संगम

जमुई : (+2) एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, आस्ता, जमुई में वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी जमुई, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त तथा जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा और अनुशासन ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने एकलव्य मॉडल विद्यालयों की भूमिका को जनजातीय समुदाय के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे संस्थान सामाजिक सशक्तिकरण के मजबूत स्तंभ हैं।

समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। स्वागत-गान से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद पारंपरिक जनजातीय नृत्य, हास्य-नाटिकाएं, कजरी गीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘किसान का दर्द’ तथा ‘सोचो पहले, चुनो बाद में’ (चुनाव आधारित) विषय पर आधारित नाटक रहे, जिनके माध्यम से सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया गया।

समारोह में शैक्षणिक एवं पाठ्येतर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता और उप विकास आयुक्त द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा भी मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर गर्व और उत्साह स्पष्ट रूप से झलक रहा था।

यह वार्षिकोत्सव न केवल विद्यार्थियों को मंच प्रदान करने का अवसर बना, बल्कि विद्यालय में एकता, टीम वर्क और रचनात्मकता की भावना को भी सुदृढ़ करने में सहायक साबित हुआ। कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका, जमुई सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, अभिभावकगण एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री कमल किशोर साहु ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों की सराहना की।

No comments:

Post a Comment

Pages