पूर्व मुखिया अखिलेश्वर प्रसाद यादव की 14वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
जमुई : बरहट प्रखंड अंतर्गत बरहट ग्राम पंचायत के पूर्व मुखिया स्वर्गीय अखिलेश्वर प्रसाद यादव की 14वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। शहर स्थित शुक्रदास भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय यादव के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें अशेष भावांजलि दी। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाजसेवा के क्षेत्र में एक अलग पहचान स्थापित की थी।
वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय अखिलेश्वर प्रसाद यादव गरीब, शोषित एवं वंचित वर्ग के लोगों की सशक्त आवाज थे। ग्राम पंचायत के विकास में उनकी अग्रणी भूमिका रही और उन्होंने सदैव जनहित को प्राथमिकता दी। उनके कार्यकाल में पंचायत क्षेत्र में विकास की कई महत्वपूर्ण पहलें की गईं, जिनका लाभ आज भी ग्रामीणों को मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय अखिलेश्वर प्रसाद यादव पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री विजय प्रकाश के पूज्य पिता थे। उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन जनसेवा, सादगी और समर्पण का प्रतीक था।
श्रद्धांजलि सभा में राजद जिलाध्यक्ष त्रिवेणी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार राम, पूर्व जिला पार्षद मुरारी राम, उमाशंकर प्रसाद, प्रयाग यादव, रंजीत कुमार यादव उर्फ मुखिया जी, कार्तिक यादव, मो. सलामुल, बच्चन यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने स्वर्गीय यादव के बताए मार्ग पर चलने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन श्रद्धांजलि एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment