26 से 31 जनवरी तक जमुई में बसंत पंचमी महोत्सव 2026, प्रतियोगिता-सह-प्रदर्शनी का होगा आयोजन - City Channel

Breaking

Friday, January 23, 2026

26 से 31 जनवरी तक जमुई में बसंत पंचमी महोत्सव 2026, प्रतियोगिता-सह-प्रदर्शनी का होगा आयोजन

26 से 31 जनवरी तक जमुई में बसंत पंचमी महोत्सव 2026, प्रतियोगिता-सह-प्रदर्शनी का होगा आयोजन

जमुई : कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन, जमुई द्वारा बसंत पंचमी महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला पदाधिकारी श्री नवीन के निर्देशानुसार यह महोत्सव 26 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक जिले में आयोजित किया जाएगा।

महोत्सव के अंतर्गत प्रतियोगिता-सह-प्रदर्शनी का आयोजन श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम के प्रांगण एवं चंद्रशेखर सिंह संग्रहालय में प्रतिदिन पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक किया जाएगा। इस आयोजन के नोडल पदाधिकारी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री विकेश कुमार को बनाया गया है।

जिलाधिकारी श्री नवीन ने बताया कि महोत्सव के दौरान जमुई जिले के इच्छुक छात्र-छात्राएं चित्रकला, फोटोग्राफी, क्राफ्ट तथा मूर्तिकला जैसी विभिन्न कलात्मक विधाओं में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। बिहार राज्य के निवासी आवेदक पात्र होंगे, जबकि जमुई जिला अंतर्गत सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को विशेष प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आय एवं आयु की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जमुई जिले के बाहर के कलाकार भी प्रतियोगिता-सह-प्रदर्शनी में भाग ले सकते हैं, जिससे व्यापक स्तर पर प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा सके। इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित आवेदन पत्र भरकर जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, जमुई में जमा कर सकते हैं। साथ ही आवेदन पत्र ईमेल के माध्यम से dacojamui@gmail.com पर भी भेजा जा सकता है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि बसंत पंचमी महोत्सव का मुख्य उद्देश्य आमजन को बसंत पंचमी के सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व से अवगत कराना तथा जिले में कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं एवं कलाकारों से इस महोत्सव में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। 

No comments:

Post a Comment

Pages