पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू, समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे उम्मीदवार - City Channel

Breaking

Wednesday, January 21, 2026

पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू, समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे उम्मीदवार

पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू, समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे उम्मीदवार

सिटी संवाददाता: पंकज बरनवाल

सोनो (जमुई) : सोनो प्रखंड क्षेत्र की नौ पंचायतों में पैक्स चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बुधवार से अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत होते ही प्रखंड मुख्यालय में चहल-पहल बढ़ गई। नामांकन के दौरान प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे और नामांकन दाखिल करने के बाद समर्थकों ने फूल-मालाओं और अबीर-गुलाल से उनका उत्साहवर्धन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलथर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए तीन तथा कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 11 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। लखनकियारी पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए तीन और सदस्य पद के लिए 11 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। दहियारी पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए दो एवं सदस्य पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। बाबुडीह पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए तीन तथा सदस्य पद के लिए चार प्रत्याशियों ने नामांकन किया।

इसी तरह महेश्वरी पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए चार और सदस्य पद के लिए आठ उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। रजौन पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए एक तथा सदस्य पद के लिए आठ प्रत्याशी, छुनरिया पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए दो और सदस्य पद के लिए तीन उम्मीदवार, थम्मन पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए दो तथा सदस्य पद के लिए 12 प्रत्याशी और लालीलेवार पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए एक तथा सदस्य पद के लिए नौ उम्मीदवारों ने नामांकन किया है।

कुल मिलाकर, नौ पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए 21 तथा कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 71 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान समर्थकों में काफी उत्साह देखने को मिला और कई जगहों पर जश्न का माहौल रहा।

अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों ने मौके पर कहा कि यदि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तो वे किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं और सहायता को प्रत्येक किसान तक पहुंचाया जाएगा, ताकि पैक्स के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।

नामांकन प्रक्रिया के साथ ही अब प्रखंड क्षेत्र में पैक्स चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

No comments:

Post a Comment

Pages