योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं: सांसद अरुण भारती, जिला स्तरीय समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा - City Channel

Breaking

Saturday, January 17, 2026

योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं: सांसद अरुण भारती, जिला स्तरीय समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं: सांसद अरुण भारती, जिला स्तरीय समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

जमुई : समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में सांसद अरुण भारती की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत गत बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन की चर्चा से हुई, जिस पर सदस्यों ने संतुष्टि व्यक्त की।

सांसद ने ग्रामीण कार्य विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, सिंचाई प्रमंडल, लघु सिंचाई, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, नल-जल योजना, सामाजिक सुरक्षा, बाल विकास परियोजना, जीविका, पंचायती राज, आपूर्ति तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए और लंबित कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

चकाई जैसे सुदूर क्षेत्रों में रोजगार अवसरों को बढ़ाने पर जोर देते हुए सांसद ने कहा कि ऐसे इलाकों में जॉब फेयर आयोजित करने से अधिक से अधिक युवाओं को लाभ मिलेगा।

जीविका द्वारा अब तक 30 रोजगार सह मार्गदर्शन मेलों के आयोजन की जानकारी साझा की गई, जिसमें क्रमशः 935 और 937 युवक-युवतियों ने पंजीकरण कराया है।

विधायक दामोदर रावत ने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने से ही जिले में विकास की गति को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।

बैठक में जिलाधिकारी श्री नवीन, डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एडीएम रविकांत सिन्हा, डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार, एसडीएम सौरव कुमार, डीसीएलआर सुजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

Pages