मंदार महोत्सव में रत्न प्रिया का जलवा : सुरीली प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध हुआ जनसमुद्र, कमिश्नर ने किया सम्मानित - City Channel

Breaking

Saturday, January 17, 2026

मंदार महोत्सव में रत्न प्रिया का जलवा : सुरीली प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध हुआ जनसमुद्र, कमिश्नर ने किया सम्मानित

मंदार महोत्सव में रत्न प्रिया का जलवा : सुरीली प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध हुआ जनसमुद्र, कमिश्नर ने किया सम्मानित

जमुई : बांका जिले के ऐतिहासिक मंदार पर्वत की तलहटी में आयोजित पूर्वी बिहार के सबसे बड़े सांस्कृतिक आयोजन मंदार महोत्सव सह बौंसी मेला में देर रात कला, संगीत और भक्ति रस का अनोखा संगम देखने को मिला। मशहूर गायिका रत्न प्रिया की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। रत्न प्रिया ने कार्यक्रम की शुरुआत लोकप्रिय गीत “अंखियां उड़े़क दिया…” से की, जो आरंभ से अंत तक तालियों की गड़गड़ाहट के बीच गूंजता रहा। उनके सुरों का जादू ऐसा छाया कि कई श्रोता अपने स्थान पर ही खड़े होकर झूमने लगे।

इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक फिल्मी और लोकधुनों की प्रस्तुति दी। “चलत मुसाफिर मोह लियो रे…” जैसे गीतों पर श्रोता ठुमके लगाने लगे और माहौल पूरी तरह संगीतमय हो गया। दर्शकों की निरंतर तालियों और उत्साह ने कलाकार की ऊर्जा को और बढ़ाया। उन्होंने “मुझे नींद न आए…” जैसे सदाबहार गीतों से भी खूब वाहवाही लूटी।

रत्न प्रिया की तेज, मधुर और दमदार आवाज ने महोत्सव की रौनक में चार चांद लगा दिए। उनकी प्रस्तुति ने न केवल सांस्कृतिक संध्या को अविस्मरणीय बना दिया, बल्कि माहौल में उल्लास और उमंग भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान रत्न प्रिया ने कहा कि “मंदार महोत्सव का मंच अब एक राजकीय मंच बन चुका है। इस पावन धरा पर प्रस्तुति देना कलाकार के लिए गौरव की बात है। दर्शकों का स्नेह और प्रेम अविस्मरणीय है।”

अंत में भागलपुर प्रमंडल आयुक्त अवनीश कुमार सिंह, जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला और पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से रत्न प्रिया को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

No comments:

Post a Comment

Pages