भाजपा के पूर्व विधायक स्व. फाल्गुनी प्रसाद यादव की 11वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई - City Channel

Breaking

Wednesday, January 21, 2026

भाजपा के पूर्व विधायक स्व. फाल्गुनी प्रसाद यादव की 11वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई

भाजपा के पूर्व विधायक स्व. फाल्गुनी प्रसाद यादव की 11वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई

सिटी संवाददाता: पंकज बरनवाल

सोनो (चकाई) : सोनो-चकाई प्रखंड मुख्यालय स्थित फाल्गुनी प्रसाद महाविद्यालय परिसर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक स्वर्गीय फाल्गुनी प्रसाद यादव की 11वीं पुण्यतिथि श्रद्धा, भक्ति और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके समाधि स्थल पर दर्जनों पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

पुण्यतिथि कार्यक्रम में स्व. फाल्गुनी प्रसाद यादव की धर्मपत्नी एवं चकाई विधानसभा क्षेत्र की राजद विधायक श्रीमती सावित्री देवी, पुत्र विजय शंकर यादव, पुत्र बबलू यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य, रिश्तेदार तथा बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ उनकी समाधि पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जहां वक्ताओं ने स्व. फाल्गुनी प्रसाद यादव के व्यक्तित्व, कृतित्व और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और जनसेवा के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प भी लिया।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि इंसान इस संसार में भले ही नश्वर हो, लेकिन उसके द्वारा किए गए अच्छे कर्म उसे अमर बना देते हैं। स्व. फाल्गुनी प्रसाद यादव ऐसे ही जननेता थे, जिनके कार्यों की खुशबू हमेशा समाज में जीवित रहेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और गरीबों के हित में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

वहीं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री राज पालीवार ने कहा कि स्व. फाल्गुनी प्रसाद यादव ने कड़ी मेहनत और संघर्ष के बल पर राजनीति में एक ऊंचा मुकाम हासिल किया। परिणाम की चिंता किए बिना वे हमेशा गरीबों, वंचितों और शोषितों की आवाज को बुलंद करते रहे। उनका सादगीपूर्ण जीवन और अद्भुत व्यक्तित्व उन्हें हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रखेगा।

कार्यक्रम में जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष विनीता प्रकाश, जिला परिषद सदस्य सलोनी मुर्मू, धर्मवीर आनंद, त्रिवेणी यादव, श्यामसुंदर राय, मिठान यादव, शालीग्राम पांडेय, अंगराज राय, राजीव रंजन वर्मा, रंजीत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे और श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा के उपरांत महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में महिला-पुरुषों की उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि स्व. फाल्गुनी प्रसाद यादव आज भी जनमानस के दिलों में जीवित हैं। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

No comments:

Post a Comment

Pages