नववर्ष से पूर्व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने डीएम नवीन को भेंट किए ग्रीटिंग कार्ड
जमुई : नए वर्ष के आगमन से पूर्व जमुई कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने जिलाधिकारी नवीन से शिष्टाचार भेंट की। विद्यालय की वार्डन मीरा कुमारी एवं शिक्षिका ज्योति मिश्रा के साथ छात्राएं समाहरणालय पहुंचीं और जिलाधिकारी को अपने हाथों से बनाए गए ग्रीटिंग कार्ड भेंट कर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
इन ग्रीटिंग कार्ड्स के माध्यम से छात्राओं ने जिले के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा के विस्तार एवं समाज में समानता का संदेश रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। बच्चियों की इस पहल से जिलाधिकारी नवीन काफी प्रसन्न हुए और उन्होंने छात्राओं की खुले दिल से सराहना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ाती हैं। उन्होंने सभी छात्राओं को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही कहा कि जिला प्रशासन बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिलाधिकारी ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन मीरा कुमारी ने बताया कि बच्चियों में सकारात्मक सोच और सामाजिक शिष्टाचार विकसित करने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। वहीं शिक्षिका ज्योति मिश्रा ने कहा कि नववर्ष की यह शुभकामना बच्चियों के लिए एक यादगार अनुभव बन गई।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया और प्रसन्नचित्त होकर समाहरणालय से विदा लीं।

No comments:
Post a Comment