जमुई में सांसद अरुण भारती के ‘लापता’ पोस्टरों से बढ़ी सियासी हलचल
जमुई : जमुई शहर में बुधवार सुबह उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब शहर के प्रमुख स्थानों पर जमुई लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण भारती के कथित तौर पर “लापता” होने से संबंधित पर्चे चिपके हुए देखे गए।
कचहरी चौक, रजिस्ट्री ऑफिस और के.के.एम कॉलेज के आसपास दीवारों पर लगे इन पोस्टरों ने आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं को हवा दे दी है।
पर्चों में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती को “लापता” बताया गया है। उल्लेखनीय है कि अरुण भारती केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के जीजा हैं। पोस्टर सामने आने के बाद शहर में तरह-तरह की राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं और इसे एक सोचा-समझा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सांसद अरुण भारती पिछले लगभग दो महीनों से जमुई नहीं आए हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार-प्रसार के सिलसिले में वे अंतिम बार जमुई पहुंचे थे। इसके बाद क्षेत्र में उनकी सक्रिय उपस्थिति नहीं दिखने से कुछ वर्गों में नाराजगी भी बताई जा रही है।
हालांकि, इन पर्चों को किसने और किस उद्देश्य से चिपकाया, इसकी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। इस पूरे मामले पर न तो सांसद अरुण भारती और न ही उनकी पार्टी की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
इधर, बीते दिनों सांसद अरुण भारती ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से जमुई जिले के सिमुलतला ट्रैक पर मालगाड़ी के बेपटरी होने की जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि हावड़ा–पटना–दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर हुए इस हादसे से देश के व्यस्ततम रेल कॉरिडोरों में से एक पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे हजारों यात्री परेशान हैं और कई ट्रेनें रद्द अथवा बाधित हुई हैं।
सांसद ने यह भी लिखा था कि दूरभाष के माध्यम से उनकी स्थानीय रेल प्रशासन से बातचीत हुई है और अधिकारी-कर्मचारी युद्धस्तर पर मरम्मत एवं बहाली कार्य में जुटे हैं। उन्होंने शीघ्र रेल परिचालन सामान्य होने की आशा जताई थी। यह पोस्ट उन्होंने दो दिन पूर्व साझा की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर जमुई की जनता ने तीखी प्रतिक्रियाएं भी दीं।
फिलहाल, शहर में लगे “लापता” पोस्टरों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। लोग इसे आने वाले दिनों में जमुई की राजनीति में नए विवाद या बयानबाजी की शुरुआत के रूप में देख रहे हैं। प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

No comments:
Post a Comment