मैसूर–दरभंगा एक्सप्रेस से फर्जी टीटीई गिरफ्तार, निजी स्कूल का शिक्षक निकला आरोपी
समस्तीपुर : पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर–बरौनी रेल खंड पर मैसूर से दरभंगा जा रही 12578 अप एक्सप्रेस ट्रेन से रविवार शाम एक फर्जी टीटीई को गिरफ्तार किया गया। आरोपी बिना टिकट यात्रियों से अवैध वसूली कर रहा था। यात्रियों की शिकायत पर की गई जांच में यह मामला सामने आया।
गिरफ्तार फर्जी टीटीई की पहचान बेगूसराय जिले के तेघड़ा नगर क्षेत्र, वार्ड-एक निवासी स्वर्गीय राम सोगार्थ सिंह के पुत्र धर्मवीर भारद्वाज उर्फ चुलबुल (43) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह एक निजी स्कूल में शिक्षक है, लेकिन कम वेतन के कारण परिवार चलाने में कठिनाई होने पर वह महीने में दो से तीन बार फर्जी टीटीई बनकर ट्रेनों में वसूली करता था।
जीआरपी थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर बीरबल राय ने बताया कि उजियारपुर स्टेशन के पास यात्रियों ने चीफ टीटीई टुनटुन चौधरी से शिकायत की थी कि ट्रेन में उनसे पहले एक अन्य टीटीई टिकट जांच कर चुका है। यात्रियों ने यह भी बताया कि फर्जी टीटीई बिना टिकट यात्रियों से पैसे लेकर टिकट बनाने की बात कह रहा था।
शिकायत के बाद चीफ टीटीई ने यात्रियों के साथ ट्रेन की बोगियों की तलाशी ली। इसी दौरान जनरल कोच में टिकट जांच करते हुए धर्मवीर भारद्वाज को पकड़ा गया। ट्रेन के समस्तीपुर स्टेशन पहुंचने पर रेलवे कंट्रोल को सूचना दी गई, जिसके बाद जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में चीफ टीटीई टुनटुन चौधरी के बयान पर जीआरपी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को सोमवार को रेल न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके बाद उसे जेल भेजा जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे कर्मियों या जीआरपी को दें, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

No comments:
Post a Comment