जमुई में किसान रजिस्ट्रेशन कैंप की तैयारियों की समीक्षा, दो चरणों में होंगे शिविर
जमुई : किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जमुई जिला प्रशासन द्वारा किसान रजिस्ट्रेशन कैंप के आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसको लेकर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी श्री नवीन, भा.प्र.से. की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर समाहर्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
जिलाधिकारी ने बताया कि किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की अधिकांश योजनाओं का लाभ डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से दिया जाता है। इसके लिए किसानों का रजिस्ट्रेशन, आधार सीडिंग, केवाईसी, किसान आईडी तथा किसान आईडी के साथ भूमि अभिलेखों की टैगिंग अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर के दौरान सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए।
जिला कृषि पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जमुई जिले में किसानों की आईडी के साथ भूमि रिकॉर्ड की टैगिंग हेतु दो चरणों में किसान रजिस्ट्रेशन कैंप आयोजित किए जाएंगे। प्रथम चरण का कैंप 6 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक तथा द्वितीय चरण का कैंप 18 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों का आयोजन पंचायत सरकार भवन अथवा अन्य उपयुक्त स्थलों पर किया जाएगा।
जिलाधिकारी श्री नवीन ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कैंप स्थल पर पर्याप्त कर्मियों की तैनाती, आवश्यक तकनीकी संसाधन, इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को कैंप की तिथि एवं स्थान की जानकारी समय पर देने का निर्देश भी दिया गया।
उन्होंने कहा कि यह पहल किसानों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, कृषि इनपुट अनुदान सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त हो सकेगा।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने-अपने पंचायत क्षेत्र में आयोजित किसान रजिस्ट्रेशन कैंप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि वे सभी सरकारी योजनाओं से वंचित न रहें।



No comments:
Post a Comment