मेडल लाओ–नौकरी पाओ योजना के तहत तीन खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी
जमुई : खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें सम्मानजनक भविष्य प्रदान करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक अहम कदम उठाया है। जिलाधिकारी जमुई श्री नवीन ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित एक सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम में मेडल लाओ–नौकरी पाओ योजना के अंतर्गत तीन सफल खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
इस योजना के तहत रजत राज को एथलेटिक्स के क्षेत्र में, ऋतु कुमारी को रग्बी में, तथा प्रहलाद कुमार को साइक्लिंग ट्रैक में उत्कृष्ट प्रदर्शन और पदक जीतने के आधार पर सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। तीनों खिलाड़ियों को समाहरणालय में निम्न वर्गीय लिपिक (LDC) के पद पर नियुक्त किया गया है।
नियुक्ति पत्र वितरण के लिए पूर्व से निर्धारित तिथि पर जिलाधिकारी श्री नवीन स्वयं उपस्थित रहे और खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और उपलब्धियों का सम्मान है। खेल के क्षेत्र में पदक जीतकर जिले और राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को रोजगार से जोड़ना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है।
डीएम ने नव-नियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस समर्पण और निष्ठा से उन्होंने खेल के मैदान में प्रदर्शन किया है, उसी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ वे अपने शासकीय दायित्वों का भी निर्वहन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी प्रशासनिक कार्यों में भी उत्कृष्ट योगदान देंगे।
कार्यक्रम के दौरान जिला खेल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे। उपस्थित अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि मेडल लाओ–नौकरी पाओ योजना खिलाड़ियों को न केवल खेल के प्रति प्रेरित करती है, बल्कि उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करती है। इस पहल से जिले के उभरते खिलाड़ियों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

No comments:
Post a Comment