गणतंत्र दिवस परेड के पूर्वाभ्यास का हुआ शुभारंभ, श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में गूंजा देशप्रेम का जज्बा
जमुई : श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम के मैदान पर मंगलवार को कड़ाके की सर्द हवा के बीच गणतंत्र दिवस परेड के पूर्वाभ्यास का विधिवत आगाज हुआ। परेड अभ्यास का संचालन डीएसपी रक्षित सुरेश प्रसाद के कुशल निर्देशन में तथा मुख्य कमांडर राजू कुमार की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सुरक्षा बलों, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों की टुकड़ियों ने अनुशासित कदमताल के साथ परेड का अभ्यास किया।
पूर्वाभ्यास में एसएसबी, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल (महिला), जिला प्रशिक्षु पुलिस बल, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी बॉयज, एनसीसी गर्ल्स, स्काउट एवं गाइड की टुकड़ियों ने भाग लिया। सभी प्लाटूनों को गणतंत्र दिवस परेड से संबंधित बारीकियों की जानकारी दी गई तथा उनके प्रदर्शन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
परेड रिहर्सल के दौरान प्लाटूनों के बूटों की थाप से पूरा मैदान गूंज उठा और देशभक्ति का वातावरण बन गया। द्वितीय कमांडर की भूमिका धीरज कुमार सुमन ने निभाई, जबकि प्लाटून कमांडर के रूप में दिग्विजय सिंह लांबा, मो. जैनुल हक, खुशबू कुमारी, देवेश विक्रम, सुमित कुमार, अभिषेक कुमार, आस्था, आयुष कुमार एवं सिमरन कुमारी ने अनुशासन और साहस का परिचय दिया।
पुलिस अधिकारी निरंजन कुमार, राजनंदनी तथा शिक्षक अनुज कुमार सिन्हा ने परेड में शामिल जवानों, एनसीसी कैडेटों एवं स्काउट-गाइड के बच्चों को कदमताल, बूटों की थाप, थम, तेज चल, बाजू शस्त्र, बगल शस्त्र, समीक्षा क्रम तथा दाएं-बाएं घूम जैसी महत्वपूर्ण विधाओं का अभ्यास कराया और अनुशासन का महत्व समझाया।
इस मौके पर डीएसपी रक्षित सुरेश प्रसाद ने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड को आकर्षक, अनुशासित और अविस्मरणीय बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से पूर्ण समर्पण और एकाग्रता के साथ अभ्यास में जुटे रहने का आह्वान किया।
परेड रिहर्सल के दौरान संगीत शिक्षिका साधना कुमारी की देखरेख में राष्ट्रगान गायन का भी अभ्यास कराया गया। गायन टोली में शामिल छात्राएं राष्ट्रगान के दौरान पूरी निष्ठा और भावनात्मक समर्पण के साथ मैदान में प्रस्तुत हुईं, जिससे माहौल और अधिक देशभक्तिमय हो गया। वहीं बैंड ग्रुप ने भी बाजन का अभ्यास किया। बैंड ग्रुप कमांडर अंजली बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयासरत दिखीं।
पूर्वाभ्यास में शामिल केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, पुलिस जवान, एनसीसी कैडेट, स्काउट एवं गाइड पूरे जोश, जज्बे और जुनून के साथ रिहर्सल में भाग लेते नजर आए। सभी ने देशप्रेम की भावना के साथ भारत की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा का संकल्प दोहराया।
इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर भी पूरे उत्साह के साथ मैदान में उपस्थित रहे और परेड से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरा कराने का आश्वासन दिया। वहीं राज्य उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार भी पूरे दमखम के साथ अभ्यास स्थल पर नजर आए।
उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस परेड का पूर्वाभ्यास 23 जनवरी तक जारी रहेगा, जबकि फुल ड्रेस रिहर्सल 24 जनवरी को आयोजित की जाएगी। फुल ड्रेस रिहर्सल में जिला कलेक्टर श्री नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल सहित कई वरीय अधिकारी शामिल होकर पुलिस जवानों, एनसीसी कैडेटों तथा स्काउट-गाइड के बच्चों का उत्साहवर्धन करेंगे।

No comments:
Post a Comment