आवासीय सैनिक पब्लिक स्कूल के द्वितीय वार्षिकोत्सव में प्रतिभा का उत्सव, डीएम नवीन ने की सराहरा
आवासीय सैनिक पब्लिक स्कूल, उझंडी का द्वितीय स्थापना दिवस समारोह अद्वितीय रहा।
सीटी संवाददाता : प्रो. रामजीवन साहु
जमुई : आवासीय सैनिक पब्लिक स्कूल, उझंडी शाखा का द्वितीय स्थापना दिवस समारोह उल्लास, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। विद्यालय की मुख्य शाखा मेहसौड़ी अंतर्गत नंद बिहार मोहल्ला में स्थित है, जबकि उझंडी शाखा की स्थापना 31 जनवरी 2025 को की गई थी। मात्र एक वर्ष के भीतर ही उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था और अनुशासित वातावरण के कारण यह शाखा जिले के प्रतिष्ठित विद्यालयों में अपनी पहचान बना चुकी है।
समारोह का शुभारंभ जमुई के जिलाधिकारी श्री नवीन, उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चंद्र मंडल तथा विद्यालय के संस्थापक सह अवकाशप्राप्त प्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री सुनील कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने मधुर स्वर में राष्ट्रगान प्रस्तुत कर कार्यक्रम को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
विद्यालय परिवार की ओर से संस्थापक, सचिव एवं प्रधानाचार्या ने मुख्य अतिथियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित अतिथियों में जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, पत्रकार डॉ. निरंजन कुमार सिंह, डॉ. विभूति भूषण सिंह, प्रो. रामजीवन साहु, श्री मुकेश कुमार सहित विद्यालय के उत्कृष्ट शिक्षक शामिल रहे।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे बहुमुखी प्रतिभा के धनी होते हैं और प्रत्येक बच्चे की क्षमता अलग होती है। अभिभावकों और शिक्षकों का दायित्व है कि वे बच्चों की मौलिक प्रतिभा को पहचानें और उन्हें उसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें, जिसमें उनकी रुचि हो। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर यह पाठशाला शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती है।
विद्यालय के संस्थापक सुनील कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और वर्षभर की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी। सचिव श्री रवि कुमार सिंह ने कहा कि अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विज्ञान प्रदर्शनी, मॉडल निर्माण एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है, जो बच्चों की सृजनात्मक क्षमता का परिचायक है।
उद्घाटन सत्र के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। गणेश वंदना, फैशन शो, कृष्ण लीला, रामायण, फौजी नृत्य, युगल नृत्य, गरबा, ‘52 गज का दामन’, ‘ओम शांति ओम’ सहित अनेक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बाल वाटिका के नन्हे-मुन्नों द्वारा प्रस्तुत ‘लुंगी डांस’ तथा प्राथमिक वर्ग के ‘जंगल-जंगल डांस’ ने खूब तालियां बटोरीं।
महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक कचरे और जंक फूड के दुष्प्रभाव जैसे सामाजिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को संदेशपरक आयाम भी दिया। राष्ट्रीय एकता पर आधारित नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली।
समारोह में उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, आवासीय रामकृष्ण उच्च विद्यालय के निदेशक विजय कुमार सिंह, आवासीय जवाहर विद्यालय के निदेशक रजनीश कुमार सिंह सहित कई शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रभावी ढंग से किया गया, जबकि अंत में सचिव श्री रवि कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में अभिभावक एवं नागरिक अंत तक कार्यक्रम में उपस्थित रहे। द्वितीय स्थापना दिवस समारोह विद्यालय की प्रगति, अनुशासन और सांस्कृतिक समृद्धि का जीवंत उदाहरण बनकर यादगार बन गया।

No comments:
Post a Comment