जिला नियोजनालय जमुई ने प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए स्टडी किट योजना के तहत आवेदन मांगे
जमुई : विभागीय निर्देशानुसार जिला नियोजनालय कार्यालय, जमुई द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए स्टडी किट उपलब्ध कराने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
जिला नियोजनालय कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टडी किट के लिए वही अभ्यर्थी पात्र होंगे जिनका नियोजनालय में कम से कम छह माह पूर्व निबंधन हो। साथ ही अभ्यर्थी को UPSC, BPSC, अन्य लोक सेवा आयोग, SSC, रेलवे, बैंकिंग, NET, JRF, शिक्षक पात्रता परीक्षा आदि प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित तैयारी का साक्ष्य प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आवेदक बिहार राज्य का निवासी होना चाहिए तथा उसकी आयु संबंधित परीक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।
योजना के तहत लाभ पाने के लिए अभ्यर्थी की वार्षिक पारिवारिक आय अधिकतम तीन लाख रुपये से कम होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर, अनुसूचित जाति एवं जनजाति, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग तथा महिला अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में स्टडी किट अथवा टूल किट योजना का लाभ प्राप्त कर चुके अभ्यर्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित प्रमाण पत्रों की स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति के साथ अपना आवेदन 11 फरवरी 2026 तक जिला नियोजनालय कार्यालय, जमुई (सोनपे, मद्य निषेध थाना के पास) में जमा कर सकते हैं।
जिला नियोजनालय ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों को योजना का लाभ मिल सके।

No comments:
Post a Comment