पैक्स चुनाव को लेकर चकाई में सरगर्मी तेज, रामचंद्रडीह से सत्यनारायण राय ने दाखिल किया नामांकन
चकाई : चकाई प्रखंड की आठ पंचायतों में पैक्स चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बुधवार से अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत हो गई। नामांकन के पहले ही दिन रामचंद्रडीह पंचायत से निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सत्यनारायण राय ने अपने पद को बरकरार रखने के लिए पुनः नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ पंचायत के दर्जनों किसान एकजुटता दिखाते हुए उपस्थित रहे।
नामांकन के बाद समर्थकों के साथ बाहर आए सत्यनारायण राय ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाली सभी योजनाओं और सुविधाओं को वे पंचायत के अंतिम किसान तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।
अपने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पहले पंचायत में पैक्स के लिए गोदाम की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिसे उनके प्रयास से साकार किया गया। अब उनका पूरा फोकस धान अधिप्राप्ति को और सुदृढ़ करने पर रहेगा, ताकि अधिक से अधिक किसानों से धान की खरीद हो सके और उन्हें समय पर उचित मूल्य प्राप्त हो।
वहीं, नामांकन के दौरान समर्थन में पहुंचे किसान प्रदीप राय ने कहा कि पंचायत के किसानों की पैक्स अध्यक्ष से यही अपेक्षा है कि समिति का संचालन पारदर्शी और सुचारू रूप से हो। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचे।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। किसानों की सक्रिय भागीदारी से यह स्पष्ट है कि पैक्स चुनाव को लेकर पंचायत स्तर पर मुकाबला रोचक होने जा रहा है।

No comments:
Post a Comment