सरस्वती पूजा को लेकर बीचकोड़वा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण आयोजन का लिया गया संकल्प - City Channel

Breaking

Wednesday, January 21, 2026

सरस्वती पूजा को लेकर बीचकोड़वा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण आयोजन का लिया गया संकल्प

सरस्वती पूजा को लेकर बीचकोड़वा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण आयोजन का लिया गया संकल्प

चकाई  : जमुई जिले के चकाई प्रखंड के दक्षिणी छोर पर स्थित बीचकोड़वा थाना परिसर में बुधवार को आगामी सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराना था।

बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी राहुल कुमार ने की। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से आए जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पूजा समिति के पदाधिकारी एवं प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी राहुल कुमार ने कहा कि सरस्वती पूजा विद्या, अनुशासन और संयम का पर्व है, जिसे आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूजा के दौरान डीजे बजाने, अश्लील गीतों, शराब सेवन और किसी भी प्रकार के हुड़दंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी ने यह भी निर्देश दिया कि सभी पूजा समितियां लाइसेंस में निर्धारित रूट और समय सीमा के भीतर ही विसर्जन जुलूस निकालें। इसके साथ ही प्रत्येक पूजा समिति को अपने-अपने वालंटियर्स की सूची थाना में अनिवार्य रूप से जमा करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

बैठक में उपस्थित मुखिया सूरजमल मुर्मू, केदार यादव, प्रकाश दास, सरोजकांत हांसदा, ठाकुर यादव, राम रतन राय, अनिल यादव, मनोज रावत, दिनेश यादव, मिथलेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा।

बैठक के अंत में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने आपसी समन्वय के साथ त्योहार को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

No comments:

Post a Comment

Pages