मकर संक्रांति महोत्सव: जमुई में स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा बिखरने को तैयार
जमुई : जमुई में 14 जनवरी को आयोजित होने वाले मकर संक्रांति महोत्सव को लेकर तैयारियाँ जोर–शोर से चल रही हैं। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी विकेश कुमार ने बताया कि बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के निर्देश पर, जिला प्रशासन के सौजन्य से यह आयोजन स्थानीय श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधीश श्री नवीन करेंगे। इस अवसर पर कई वरीय ओहदेदार एवं प्रतिष्ठित शख्सियतों की उपस्थिति से उत्सव की गरिमा और बढ़ेगी।
महोत्सव में स्थानीय फनकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में कुल चार विधाओं मेहंदी, रंगोली, समूह लोक नृत्य तथा समूह लोक गायन में कलाकार अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन करेंगे। श्रेष्ठ प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री विकेश कुमार ने कहा कि इस आयोजन से जिले में सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा उदीयमान कलाकारों को अपनी पहचान बनाने का मंच प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति का पर्व शांति, प्रेम, पर्यावरण संरक्षण और फसल कटाई का प्रतीक है। इन संदेशों को व्यापक स्तर पर पहुँचाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा इस महोत्सव के आयोजन का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने जिले के अधिकाधिक कलाकारों से महोत्सव में भाग लेने का आग्रह किया।
उधर, श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। भव्य मंच, पंडाल निर्माण, पर्याप्त कुर्सियों की व्यवस्था तथा अत्याधुनिक ध्वनि विस्तारक यंत्रों का अधिष्ठापन तेजी से जारी है।
स्थल पर स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महोत्सव को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन हर स्तर पर प्रयासरत है।

No comments:
Post a Comment