कुंडघाट जलाशय योजना का डीएम ने किया निरीक्षण, शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश - City Channel

Breaking

Wednesday, January 28, 2026

कुंडघाट जलाशय योजना का डीएम ने किया निरीक्षण, शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

 कुंडघाट जलाशय योजना का डीएम ने किया निरीक्षण, शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश


🔹
विद्यालयों व छात्रावास का भी औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली जानकारी।

जमुई : जमुई के जिलाधिकारी श्री नवीन ने बुधवार को निर्माणाधीन कुंडघाट जलाशय योजना का स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता, सिंचाई अंचल जमुई तथा कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल सिकंदरा उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने योजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष बचे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना से क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुदृढ़ होगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सिकंदरा प्रखंड स्थित प्लस टू झारो सिंह पालो सिंह उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर पठन-पाठन की स्थिति, शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति, विद्यालय परिसर की स्वच्छता तथा मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने अंबेडकर कल्याण छात्रावास का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों की उपस्थिति, आवासीय व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेयजल एवं शौचालय की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रावास में रहने वाले छात्रों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सबलबिघा एवं एक आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दी जा रही पोषण सेवाओं, उपस्थिति पंजी एवं आधारभूत सुविधाओं की जांच की गई।

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिन्हा, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री बालमुकुंद प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी श्री सौरव कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री सुजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विनोद प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता श्री सावन कुमार, श्री नागमणि वर्मा, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि विकास योजनाओं की गुणवत्ता और शिक्षा संस्थानों की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमित निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की निगरानी जारी रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Pages