बसंत पंचमी महोत्सव में जीवंत हुआ चंद्रशेखर सिंह संग्रहालय, 31 जनवरी तक चलेगा आयोजन
जमुई। जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक चंद्रशेखर सिंह संग्रहालय इन दिनों कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर जिला प्रशासन एवं कला संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यहां छह दिवसीय बसंत पंचमी महोत्सव का आयोजन किया गया है, जो 31 जनवरी तक चलेगा।
महोत्सव का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री नवीन द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर सिंह संग्रहालय केवल ऐतिहासिक धरोहर नहीं, बल्कि जिले की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से संग्रहालय को जीवंतता मिलती है तथा स्थानीय कलाकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्राप्त होता है।
महोत्सव के अंतर्गत संग्रहालय परिसर में चित्रकला, फोटोग्राफी, मूर्तिकला एवं क्राफ्ट प्रतियोगिता सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन 26 जनवरी को जिलाधिकारी द्वारा किया गया था। संग्रहालय की दीर्घाओं में सजी स्थानीय कलाकारों की विविध कलाकृतियां दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं और जिले की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती प्रदान कर रही हैं।
प्रतिदिन आयोजित हो रही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रतियोगिताएं एवं प्रदर्शनी गतिविधियां महोत्सव को विशेष आकर्षण प्रदान कर रही हैं। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, कलाकार एवं आम नागरिक संग्रहालय पहुंचकर कार्यक्रमों में सहभागिता कर रहे हैं।
जिला प्रशासन की पहल से आयोजित यह महोत्सव न केवल सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि जमुई को सांस्कृतिक गतिविधियों के एक सक्रिय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी सार्थक प्रयास माना जा रहा है।

No comments:
Post a Comment