21 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा जमुई जिला स्थापना दिवस: जिलाधिकारी
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन
जमुई : जमुई जिला का स्थापना दिवस आगामी 21 फरवरी को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इसको लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिलाधिकारी श्री नवीन की अध्यक्षता में तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला मुख्यालय अंतर्गत समाहरणालय भवन सहित सभी सरकारी कार्यालयों को नीली रोशनी एवं रंग-बिरंगी झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया जाए, ताकि स्थापना दिवस का उत्सवमय माहौल पूरे जिले में दिखाई दे।
विविध कार्यक्रमों का होगा आयोजन
जिलाधिकारी ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर प्रभात फेरी, स्वच्छता अभियान, विकास-सह-किसान मेला तथा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही इस दिन समाजवादी नेता एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय श्री कृष्ण सिंह की जयंती भी मनाई जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि आयोजन की सफलता के लिए उप विकास आयुक्त जमुई की अध्यक्षता में एक आयोजन समिति का गठन किया गया है।
कार्यक्रम की रूपरेखा
-
प्रभात फेरी सुबह 7:00 बजे निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
-
इसके बाद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। नगर परिषद जमुई, झाझा एवं सिकंदरा अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
-
सुबह 10:00 बजे स्वर्गीय श्री कृष्ण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
-
10:15 बजे श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम, जमुई में जिला स्थापना दिवस समारोह का औपचारिक शुभारंभ होगा।
विकास-सह-किसान मेला का आयोजन
स्थापना दिवस के अवसर पर श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम परिसर में एक दिवसीय विकास-सह-किसान मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला सुबह 9:00 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक संचालित होगा।
मेले में चिकित्सा, कृषि, शिक्षा, आईसीडीएस, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, जिला जल एवं स्वच्छता समिति, पीएचईडी, मद्य निषेध, जीविका, दिव्यांग जनशक्तिकरण, निर्वाचन शाखा एवं जिला आपदा प्रबंधन शाखा सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किया जाएगा।
बैठक में रहे उपस्थित
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री बालमुकुंद प्रसाद, अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिंहा, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विनोद प्रसाद, सामान्य शाखा के प्रभारी पदाधिकारी श्री सावन कुमार, आपदा प्रबंधन शाखा के प्रभारी पदाधिकारी श्री नागमणि कुमार वर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, पीएचईडी के अभियंता सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्थापना दिवस को ऐतिहासिक और यादगार बनाने का निर्देश दिया।

No comments:
Post a Comment