नववर्ष के पहले दिन झारखंड में ठंड का रिकॉर्ड, रांची का तापमान शिमला से भी नीचे - City Channel

Breaking

Thursday, January 1, 2026

नववर्ष के पहले दिन झारखंड में ठंड का रिकॉर्ड, रांची का तापमान शिमला से भी नीचे

नववर्ष के पहले दिन झारखंड में ठंड का रिकॉर्ड, रांची का तापमान शिमला से भी नीचे

रांची। नए साल के पहले दिन झारखंड में ठंड ने नया रिकॉर्ड बनाया। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शिमला के 8.7 डिग्री से भी कम है। मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों तक राज्य में ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

घना कोहरा और दृश्यता में कमी

सुबह के समय रांची, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने बताया कि कुछ जिलों में दृश्यता केवल 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है।

अन्य शहरों में तापमान

  • गुमला: 3.9 डिग्री

  • मेदिनीनगर: 5.1 डिग्री

  • कांके: 3.0 डिग्री

  • बोकारो: 6.1 डिग्री

  • जमशेदपुर: 9.0 डिग्री

  • चाईबासा: 8.8 डिग्री

रांची में बीते 24 घंटे में तापमान में केवल 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, लेकिन ठंड का असर बरकरार है।

यातायात और उड़ानों पर असर

घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। इंडिगो एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची फ्लाइट रद्द हुई और अन्य उड़ानें भी देर से पहुंचीं। रांची-बेंगलुरु विमान सुबह 8:55 की बजाय 10:10 बजे उड़ान भर सका।

प्रदूषण और AQI

ठंड के साथ वायु प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी। रांची में AQI 353 दर्ज किया गया, जमशेदपुर 499 और धनबाद में यह 603 तक पहुंच गया। बोकारो में AQI 400 और पलामू में 300 रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग की चेतावनी

रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के अधिकांश जिलों में शीतलहर, घना कोहरा और पाले का असर अगले दो-तीन दिनों तक जारी रहेगा। पलामू, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में दोपहर के समय भी ठंड का असर रह सकता है।


No comments:

Post a Comment

Pages