जमुई के लक्ष्मीपुर में सार्वजनिक रास्ते को लेकर दंपती पर कुल्हाड़ी से हमला, गंभीर रूप से घायल
जमुई : लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के शिवसोना गांव में सार्वजनिक रास्ते को लेकर हुए विवाद ने गांव में हड़कंप मचा दिया। शनिवार को दबंग पड़ोसियों ने 60 वर्षीय गोरेलाल यादव और उनकी 55 वर्षीय पत्नी कुंती देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायलों को पहले लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में सदर अस्पताल जमुई रेफर किया गया। दोनों का इलाज अभी जारी है।
पीड़ित गोरेलाल यादव ने बताया कि गांव के ही अंकुश कुमार और इंद्रदेव कुमार ने उन्हें सार्वजनिक रास्ते से गुजरने से रोकने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया।
लक्ष्मीपुर थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें मिली है, लेकिन अभी तक पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सार्वजनिक रास्ते के उपयोग और सुरक्षा को लेकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

No comments:
Post a Comment