जमुई के सिरचंद नवादा मोहल्ले में हादसा, सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान दीवार गिरी, वृद्ध महिला समेत छह घायल, एक बच्ची की हालत गंभीर - City Channel

Breaking

Wednesday, January 28, 2026

जमुई के सिरचंद नवादा मोहल्ले में हादसा, सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान दीवार गिरी, वृद्ध महिला समेत छह घायल, एक बच्ची की हालत गंभीर

जमुई के सिरचंद नवादा मोहल्ले में हादसा, सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान दीवार गिरी, वृद्ध महिला समेत छह घायल, एक बच्ची की हालत गंभीर

जमुई : जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरचंद नवादा मोहल्ले में मंगलवार देर रात सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। विसर्जन जुलूस के बीच अचानक एक जर्जर दीवार गिरने से एक वृद्ध महिला सहित छह बच्चियां घायल हो गईं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहल्ले में सरस्वती प्रतिमा का विसर्जन जुलूस ढोल-नगाड़ों और उत्सवी माहौल के बीच निकाला जा रहा था। इस दौरान कुछ युवक आग जलाकर करतब दिखा रहे थे, जिसे देखने के लिए आसपास की महिलाएं और बच्चियां एक पुरानी व जर्जर दीवार के सहारे खड़ी थीं। कुछ बच्चियां दीवार पर चढ़कर भी कार्यक्रम देख रही थीं।

भीड़ बढ़ने और भार अधिक होने के कारण लगभग 40 से 50 फीट लंबी दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक चीख-पुकार का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

घायलों में सुषमा देवी, राधिका कुमारी, चंचल कुमारी, पूजा कुमारी, प्रमिला देवी और रश्मि कुमारी शामिल हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एक बच्ची की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य का इलाज जारी है। गनीमत रही कि दीवार पर बैठी बच्चियां दूसरी दिशा में गिरीं, जिससे किसी बड़े जानमाल के नुकसान की आशंका टल गई।

टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को खतरे से बाहर बताया जा रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जर्जर भवनों और दीवारों की समय रहते जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

No comments:

Post a Comment

Pages