चार वर्षों में 72 पदक जीतकर जूही कुमारी ने रचा इतिहास, ओलंपिक है अगला लक्ष्य
जमुई : जयपुर के द पैलेस स्कूल की सातवीं कक्षा की छात्रा जूही कुमारी ने कराटे की दुनिया में अपनी असाधारण प्रतिभा से नई पहचान बनाई है। महज चार वर्षों के भीतर जूही ने 72 पदक अपने नाम किए हैं, जिनमें 50 स्वर्ण पदक शामिल हैं।
जूही छह बार राष्ट्रीय चैंपियन रह चुकी हैं। इसके अलावा वह दो बार इंडिया ओपन इंटरनेशनल चैंपियन और आठ बार स्टेट चैंपियन का खिताब जीत चुकी हैं। उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों को देखते हुए सईगोकाई कराटे-डो एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने उन्हें ब्लैक बेल्ट से सम्मानित किया है।
कम उम्र में मिली यह सफलता जूही के अनुशासन, कठिन परिश्रम और अटूट संकल्प का परिणाम है। पढ़ाई के साथ खेल में संतुलन बनाते हुए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
जूही का सपना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराना और ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का गौरव बढ़ाना है। उनकी उपलब्धियों पर बिहार और राजस्थान दोनों प्रदेश गर्व महसूस कर रहे हैं।
जूही कुमारी की यह सफलता न केवल युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि समर्पण और निरंतर अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

No comments:
Post a Comment