बसैया हादसा : छह दिन की जद्दोजहद के बाद घायल महिला की मौत, परिवार में शोक
जमुई : जमुई–सिकंदरा मुख्य मार्ग के बसैया के पास 13 जनवरी को हुए ऑटो दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की छह दिन बाद मौत हो गई। मृतका की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के पाठक चक निवासी गिरिजा देवी, पत्नी—मणि दास के रूप में हुई है। सोमवार, 19 जनवरी की सुबह इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल जमुई में पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, 13 जनवरी की दोपहर गिरिजा देवी महादेव सिमरिया से ऑटो पर सवार होकर जमुई आ रही थीं। बसैया के पास ऑटो चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए संतुलन खो दिया, जिसके कारण ऑटो सड़क किनारे पलट गया।
दुर्घटना में गिरिजा देवी का दाहिना हाथ ऑटो के नीचे दब गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल जमुई लाया गया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति नाजुक देखते हुए पटना रेफर करने की सलाह दी, लेकिन शारीरिक कमजोरी के कारण उन्हें ले जा पाना संभव नहीं हो सका।
इसी बीच, जमुई के एक निजी क्लिनिक में उनका इलाज शुरू किया गया, जहां डॉक्टरों को उनका दाहिना हाथ काटना पड़ा था। कुछ दिनों से उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही थी, लेकिन सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन लगातार रो-रोकर बेहोश हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऑटो चालक पर कार्रवाई और मुख्य मार्ग पर गति पर नियंत्रण के लिए ठोस व्यवस्था की मांग की है।

No comments:
Post a Comment