मतदाता जागरूकता सप्ताह के तहत खैरा में कार्यक्रम, युवाओं को दिलाई गई मतदान की शपथ - City Channel

Breaking

Friday, January 30, 2026

मतदाता जागरूकता सप्ताह के तहत खैरा में कार्यक्रम, युवाओं को दिलाई गई मतदान की शपथ

 मतदाता जागरूकता सप्ताह के तहत खैरा में कार्यक्रम, युवाओं को दिलाई गई मतदान की शपथ


जमुई। मेरा युवा भारत, जमुई के बैनर तले मतदाता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत खैरा प्रखंड स्थित चंद्रचूड़ सिंह उच्च विद्यालय, कहरडीह में व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नए मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीण युवाओं को मतदाता शपथ दिलाकर की गई। सभी ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने का संकल्प लिया। इसके उपरांत विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के दौरान “हर वोट की है ताकत” और “लोकतंत्र को मजबूत बनाएं” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व से अवगत कराया गया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी हर्षित नारायण सिंह एवं सचिराज पद्माकर ने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र सशक्त और जीवंत बनता है।

इस अवसर पर विशेष रूप से 18 वर्ष से अधिक आयु के नवयुवकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूक युवा ही लोकतंत्र की असली ताकत हैं।

कार्यक्रम में मेरा युवा भारत, जमुई के स्वयंसेवकों, साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण युवाओं ने भाग लिया। मौके पर सचिराज पद्माकर, हर्षित नारायण सिंह, मनीष कुमार, गुड्डू पांडे, सोनू कुमार, राजू कुमार, मुकेश पांडे, आलोक कुमार, संजीत कुमार, सुमित कुमार, सुधांशु कुमार पांडे, कुमकुम कुमारी, माही कुमारी, आरती कुमारी, विभा कुमारी, सृष्टि कुमारी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

Pages