झाझा पहुंचे रेलवे हाजीपुर जोन के महाप्रबंधक, आवासीय कॉलोनी और स्टेशन परिसर का किया निरीक्षण
सिटी संवाददाता : ब्रह्मदेव प्रसाद यादव
झाझा (जमुई)। रेलवे हाजीपुर जोन के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह गुरुवार को विशेष सैलून से झाझा पहुंचे। उनके साथ दानापुर मंडल के डीआरएम विनोद कुमार, पीसीसीएम इंदु रानी सहित मंडल एवं जोन स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। महाप्रबंधक ने झाझा स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद रेलवे आवासीय क्षेत्र में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों का विस्तार से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक रनिंग रूम और मेमू कारशेड के रास्ते रेलवे कॉलोनी पहुंचे, जहाँ उन्होंने दो रेलकर्मियों के आवास में स्वयं प्रवेश कर परिवारजनों से उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति जानी। उन्होंने आवास में पानी, बिजली, साफ-सफाई और भवनों की मजबूती से संबंधित जानकारी लेते हुए परिजनों को आवास की नियमित देखभाल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
साथ ही कॉलोनी में झाड़ियों की सफाई और गंदगी हटाने के निर्देश स्थानीय आईओडब्ल्यू को दिए। महाप्रबंधक ने रेलकर्मियों को जागरूक करने के लिए पम्पलेट वितरण करने को भी कहा, ताकि कॉलोनी को स्वच्छ और सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने डिवीजन के अधिकारियों को कॉलोनी की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। महाप्रबंधक ने बताया कि पिछले निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुरूप झाझा रेलवे क्षेत्र में सुधार कार्य तेज गति से जारी है। झाझा और कियूल जैसे बड़े स्टेशनों पर यात्रियों और कर्मचारियों के लिए कई विकासात्मक परियोजनाएँ समयसीमा के साथ लागू की जा रही हैं। रेलवे कॉलोनी को आगामी समय में आदर्श कॉलोनी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है।
झाझा–बटिया नई रेलवे लाइन को लेकर उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जिला प्रशासन के सहयोग से प्रगति पर है। भूमि अधिग्रहण पूर्ण होते ही लाइन निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं डीडीयू–झाझा तीसरी और चौथी लाइन के निर्माण कार्य को स्वीकृति के अनुसार समयबद्घ गति से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसे अगले वित्तीय वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य है।
महाप्रबंधक ने रेलवे की खाली और अनुपयोगी जमीन — जैसे पुराना सिनेमाघर, रेलवे इंडियन इंस्टिट्यूट, स्टेशन क्लब आदि — के उपयोग के लिए आरएलडी संस्था से सर्वे कराने की बात कही। इसके आधार पर ऐसे स्थानों का योजनाबद्ध विकास किया जाएगा, जिससे रेलवे और स्थानीय नागरिक दोनों को लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि रेलवे चांदवारी मैदान और रेलवे तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य भी अगले चरण में शुरू किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय एसएम रविकांत माथुरी, टीआई रवि गुप्ता, मेमू कारशेड के सीनियर डी संजय कुमार पासवान, आरपीएफ एसी राजीव कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर अनिता कुमारी, एसआई मुकेश कुमार, आईओडब्ल्यू ओमप्रकाश, जेई अनिल कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment