सरस्वती पूजा को लेकर डीएम की सख्ती: डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित, ड्रोन से होगी निगरानी
जमुई। सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर जिले में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल बनाए रखने को लेकर समाहरणालय सभा कक्ष में जिलाधिकारी नवीन की अध्यक्षता में प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई और सभी विभागों को कड़े निर्देश जारी किए गए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी आयोजकों के लिए जुलूस हेतु लाइसेंस अनिवार्य कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि किसी भी जुलूस में डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि कहीं डीजे बजता पाया गया तो उपकरण जब्त कर संचालक पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी डीजे संचालकों के साथ पूर्व बैठक कर नियमों की जानकारी अनिवार्य रूप से साझा करें।
पूजा एवं विसर्जन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष को विसर्जन मार्ग का भौतिक सत्यापन करने को कहा गया है। बिजली विभाग को निर्देश दिया गया कि विसर्जन मार्गों पर लटकते या ढीले तारों की जांच कर उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाए।
नगर निकायों को मार्गों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का आदेश दिया गया है।
विधि-व्यवस्था प्रबंधन के लिए इस बार प्रशासन तकनीक का उपयोग भी करेगा। संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थानों को समय से शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।
एसपी ने बताया कि पूजा और विसर्जन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एडीएम रविकांत सिन्हा, डीटीओ डॉ. सुनील कुमार, एडीएम (विभागीय जांच) बालमुकुंद प्रसाद, डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार, एसडीएम सौरव कुमार, डीसीएलआर सुजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, एसडीपीओ सतीश सुमन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment